छत्तीसगढ़फीचर्ड

गिरवी रखे सोने के जेवरात गलाकर हड़पने वाला ज्वेलर्स संचालक आरोपी गिरफ्तार, 15 ग्राम सोना सहित अन्य सामान बरामद

सोने का भाव बढ़ने पर पैसे वापस न लौटने के लिए क्या ग्रामीणों का शोषण…आरोपी के कब्जे से गली हुई अवस्था में लगभग 15 ग्राम सोना, गिरवी लेन-देन का विवरण दर्ज 20 नग रजिस्टर, 07 नग कॉपियां एवं 02 नग गिरवी रसीद बुक बरामद…1 नग सैमसंग S22 अल्ट्रा मोबाइल फोन एवं तहसीलदार बसना द्वारा जारी साहूकारी लाइसेंस विधिवत जप्त…

 

महासमुंद। जिला पुलिस महासमुन्द द्वारा ग्रामीण एवं आम नागरिकों की मजबूरी का फायदा उठाकर गिरवी रखे जेवरात हड़पने तथा अमानत में खयानत करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में, कार्यालय पुलिस अधीक्षक महासमुन्द को प्राप्त शिकायत आवेदन की जांच पर पीड़ित शनिलाल चौहान (निवासी ग्राम श्रीरामपुर, थाना सांकरा) के मामले में ‘श्याम ज्वेलर्स सांकरा’ के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल के विरुद्ध थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 190/2026, धारा 316(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (B.N.S.), 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

जांच एवं विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि पीड़ित शनिलाल चौहान ने घरेलू कार्य की आवश्यकता पड़ने पर अपनी पत्नी सावित्री चौहान के सोने के जेवरात (सोने का माला एवं कान का टॉप्स, वजनी लगभग 15 ग्राम, कीमती करीबन ₹2,10,000/-) को श्याम ज्वेलर्स सांकरा में 2 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज की दर पर गिरवी रखकर रकम उधार ली थी। गिरवी रखते समय पीड़ित द्वारा रसीद मांगने पर दुकान संचालकों ने रसीद की जरूरत न होने और समय-समय पर ब्याज देते रहने की बात कहकर कोई पावती रसीद नहीं दी।

इसके पश्चात पीड़ित द्वारा फोन-पे के माध्यम से ब्याज की राशि अदा की गई। दिनांक 24.06.2026 को जब पीड़ित गवाहों के साथ मूलधन एवं ब्याज की संपूर्ण रकम लेकर अपना गिरवी रखा सोना छुड़ाने श्याम ज्वेलर्स सांकरा पहुंचा, तो आरोपियों ने समय अधिक होने से सोना डूब जाने की बात कहकर दुर्व्यवहार किया और न तो रकम ली, न ही सोने के जेवरात वापस लौटाए।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विवेचना के क्रम में दिनांक 13.11.2026 को थाना सांकरा पुलिस टीम द्वारा आरोपी राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल (संचालक, श्याम ज्वेलर्स, राजेन्द्र नायक काम्पलेक्स, सांकरा) को हिरासत में लेकर गवाहों के समक्ष मेमोरण्डम कथन लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी वर्ष 2021 में तहसीलदार बसना के माध्यम से बनवाए गए साहूकारी लाइसेंस की आड़ में ग्रामीणों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर रजिस्टर में प्रविष्टि करता था, किंतु ऋणियों को कोई पावती रसीद नहीं देता था। इसके विपरीत, अपनी छपी हुई गिरवी रसीद बुक में तय तिथि तक ब्याज व मूलधन न चुकाने पर जेवर डुबाकर बेचने के संपूर्ण अधिकार की एकतरफा शर्त प्रिंट कराकर पहले से ही गिरवी रखने वाले व्यक्तियों के हस्ताक्षर करा लेता था और बाद में मनमानी अंतिम तिथि दर्ज कर देता था।

आरोपी ने पीड़ित शनिलाल चौहान को बिना कोई जानकारी दिए उसके गिरवी रखे सोने के जेवरों को गलाकर अपने पास रख लिया था। आरोपी के कब्जे एवं निशानदेही पर गली हुई अवस्था में लगभग 15 ग्राम सोना, अन्य ग्रामीणों के गिरवी लेन-देन का विवरण दर्ज 20 नग रजिस्टर, 07 नग कॉपियां, 02 नग गिरवी रसीद बुक, सैमसंग S22 अल्ट्रा मोबाइल फोन एवं साहूकारी लाइसेंस बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है।

प्रकरण में अपराध सबूत पाए जाने से आरोपी राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल को दिनांक 13.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम व पता–
01- राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल पिता स्व. श्यामसुंदर अग्रवाल, उम्र 36 वर्ष, निवासी त्रिलोक नगर सांकरा (संचालक – श्याम ज्वेलर्स, राजेन्द्र नायक काम्पलेक्स, सांकरा), थाना सांकरा, जिला महासमुन्द (छ.ग.)।
आरोपी के कब्जे से जप्त/बरामद सामग्री का विवरण –
01- गिरवी एवं ब्याज लेन-देन का विवरण दर्ज रजिस्टर – 20 नग
02- गिरवी एवं हिसाब-किताब का विवरण लिखी कॉपियां – 07 नग
03- ‘श्री श्याम ज्वेलर्स सांकरा’ छपी हुई गिरवी रसीद बुक – 02 नग
04- गलाया हुआ सोना (गली हुई अवस्था में) – वजनी लगभग 15 ग्राम
05- सैमसंग S22 अल्ट्रा (Samsung S22 Ultra) मोबाइल फोन – 01 नग
06- तहसीलदार बसना द्वारा जारी साहूकारी लाइसेंस – 01 नग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button