BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

नगर निगम भिलाई-चरौदा में विधि-विधान से हुई भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा, श्रमवीरों का हुआ सम्मान

भिलाई-03। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा परिसर में भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकार एवं आयुक्त डीएस राजपूत ने निगम परिसर में स्थापित भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं कर्मचारियों के मंगलमय जीवन की कामना की।

भगवान विश्वकर्मा जी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें निर्माण, शिल्प, वास्तुकला एवं तकनीकी कौशल का देवता माना जाता है। देश के औद्योगिक विकास और निर्माण कार्यों में श्रमिकों, कारीगरों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं मशीनों से जुड़े लोगों के योगदान को सम्मान देने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम के दौरान भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार एवं आरती की गई। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने भगवान विश्वकर्मा जी के समक्ष नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान निगम के विभिन्न विभागों में उपयोग किए जाने वाले औजारों, मशीनों एवं उपकरणों का भी पूजन किया गया। कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थल और कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों की साफ-सफाई कर श्रद्धापूर्वक पूजा की। कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित लोगों को प्रसाद का वितरण किया गया।

विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले करीब 350 जल विभाग, विद्युत विभाग, वाहन शाखा एवं सफाईकर्मियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान सफाईकर्मियों को उपहार भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण में सफाईकर्मियों सहित सभी विभागों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देते हैं। उनके परिश्रम और सेवाभाव को सम्मानित करना समाज की जिम्मेदारी है। इसके पूर्व निगम के वाहनों का श्रीफल, फूल और मिठाई से पूजा किया गया।

नगर निगम परिसर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन से पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा। अधिकारी-कर्मचारियों ने एक-दूसरे को भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।

Related Posts