प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है और जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारी शक्ति है…काशी के सांसद के तौर पर, देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए और यह बड़ा लक्ष्य है-लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना…
वाराणसी (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी में दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों (बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई, ये दोनों अमृत भारत ट्रेनें, यूपी और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएगी। अब मुंबई-पुणे सहित, पूरे महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने का एक और आधुनिक विकल्प मिल गया है। मैं इस शुभारंभ के लिए देशवासियों को बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में लगभग ₹6,350 करोड़ के अलग-अलग डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है और जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारी शक्ति है…काशी के सांसद के तौर पर, देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए और यह बड़ा लक्ष्य है-लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना।
उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा।
पीएम मोदी ने कहा कि सुविधा और सुरक्षा का विश्वास देने के साथ-साथ हमने बहनों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया है। बीते 11 वर्षों में देश की करीब 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, इन समूहों को लाखों रुपये की मदद मिल रही है, जिससे बहनें अपना काम कर रही हैं। ऐसे ही प्रयासों से अबतक 3 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि असम, केरलम, पुडुचेरी, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल में बहनों ने रिकॉर्ड मतदान किया है। महिला आरक्षण विरोधी दलों को अंदाजा नहीं है कि बहनों का यह वोट महिला विरोधी इन दलों को सजा देने के लिए हुआ है। भाजपा-NDA सरकार का एक ही मंत्र है- नागरिक देवो भव। देश के नागरिकों की पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और सुनवाई, यह हमारी प्राथमिकता है।

















