प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ऊर्जा संकट के बीच देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की है। विदेशी मुद्रा बचाने के लिए उन्होंने लोगों से एक साल तक सोने के गहने न खरीदने का आह्वान किया है। पीएम ने कोरोना काल की तरह वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन मीटिंग्स फिर से शुरू करने को कहा है, ताकि देश युद्ध के आर्थिक प्रभावों से सुरक्षित रह सके। आइए, विस्तार से जानते हैं पीएम मोदी ने विदेश मुद्रा बचाने के लिए और क्या-क्या कहा…
हैदराबाद (ए)। दुनिया में लगातार बढ़ते ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से एक बहुत ही बड़ी और अहम अपील की है। उन्होंने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल जैसे पेट्रोलियम उत्पादों का बहुत ही सोच-समझकर और संयम के साथ इस्तेमाल करने को कहा है।
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने सोने की खरीद को पर भी एक अपील की है। उन्होंने कहा है कि देशहित में लोगों को कम से कम एक साल तक सोने के गहने नहीं खरीदने चाहिए, चाहे घर में कोई भी बड़ा फंक्शन या शादी ही क्यों न हो। पीएम मोदी ने साफ कहा है कि इस संकट की घड़ी में देश का पैसा यानी विदेशी मुद्रा बचाना ही हमारी असली देशभक्ति है।
पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत बहुत बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल बनाने वाला कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। ऐसे में अगर देश के लोग बिना जरूरत के या जरूरत से बहुत ज्यादा पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल करेंगे, तो इसका सीधा और बहुत बुरा असर देश की पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
दुनिया इस वक्त एक बहुत ही भयंकर ऊर्जा संकट का सामना कर रही है और पश्चिम एशिया में जो तनाव चल रहा है, उसने इस चिंता को कई गुना बढ़ा दिया है। इसीलिए पीएम मोदी ने हर नागरिक से अपील की है कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग बहुत ही ज्यादा सोच-समझकर करें। उन्होंने भरोसा जताया कि ऐसा करने से न केवल देश की विदेशी मुद्रा बचेगी, बल्कि युद्ध के कारण पैदा हुए वैश्विक संकट का बुरा असर भी भारत पर बहुत कम पड़ेगा।
प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ सोने की खरीद पर भी बहुत ही गंभीरता से बात की। पीएम मोदी ने बताया कि भारत के लोग जो भारी मात्रा में सोना और सोने के आभूषण खरीदते हैं, उस पर देश की बहुत बड़ी विदेशी मुद्रा खर्च हो जाती है। पीएम मोदी ने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि पहले जब भी देश पर कोई युद्ध या राष्ट्रीय संकट आता था, तो लोग देशहित में अपना सोना तक सरकार को दान कर देते थे।
उन्होंने कहा कि आज सरकार को आपके सोने के दान की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन देशहित में लोगों को कम से कम एक साल तक सोना और सोने के नए गहने खरीदने से जरूर बचना चाहिए। उन्होंने जनता से सीधा आह्वान किया कि हमें यह तय करना होगा कि घर में कोई भी फंक्शन हो, कोई भी कार्यक्रम हो, हम एक साल तक सोने के आभूषण नहीं खरीदेंगे। देश की आर्थिक ताकत और उसके संसाधनों की रक्षा करना भी आज के समय में देशभक्ति का ही एक बहुत बड़ा हिस्सा है।
पीएम मोदी ने क्या करने और क्या न करने को कहा ?
- कोरोना काल के दौरान जो वर्क फ्रॉम होम यानी घर से काम की व्यवस्था शुरू हुई थी, उसे देशहित में फिर से शुरू करें और उसे प्राथमिकता दें।
- यात्रा करने और पेट्रोल फूंकने के बजाय ऑनलाइन मीटिंग्स और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।
- खेती में सरकार द्वारा दी जा रही सस्ती खाद का इस्तेमाल करें। क्यों जो खाद पूरी दुनिया में 3000 रुपये की बिक रही है, वह भारत सरकार अपने किसानों को 300 रुपये से भी कम कीमत में उपलब्ध करा रही है।
- घर में चाहे कोई भी शादी, फंक्शन या कार्यक्रम हो, एक साल तक सोने के नए गहने बिल्कुल न खरीदें।
- पेट्रोल, डीजल और गैस जैसी कीमती चीजों को बिल्कुल भी बर्बाद न करें और सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही इनका उपयोग करें।
- खाने के तेल को भी इस्तेमाल कम करें। अगर हर परिवार अपने भोजन में खाने के तेल का इस्तेमाल थोड़ा कम कर दे, तो इससे आयात में जाने वाली विदेशी मुद्रा भी बचेगी।


















