भिलाई 03। भिलाई 03 अनुविभागीय के नवपदस्थ अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) प्रकाश सोनी ने बुधवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए आम जनता को बेहतर एवं पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर एसडीएम प्रकाश सोनी ने कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों के कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी शासकीय कार्य के लिए किसी बिचौलिए या दलाल के माध्यम से संपर्क न करें। नागरिक सीधे कार्यालय में आकर अपनी समस्या या आवेदन प्रस्तुत करें। प्रत्येक शिकायत और आवेदन का नियमानुसार निष्पक्ष एवं समयबद्ध निराकरण किया जाएगा। क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखे। शासन का सहयोग करे ताकि सभी कार्य सुचारू रूप से चल सके।
एसडीएम ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निपटारे, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अतिक्रमण नियंत्रण, आपदा प्रबंधन तथा जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन देने का आह्वान किया। पदभार ग्रहण के दौरान विभाग के अधिकारी और कर्मचारी ने नवपदस्थ एसडीएम का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
ज्ञात हो कि एसडीएम प्रकाश सोनी मूलतः बालोद जिला के डौंडीलोहरा के है। वर्ष 2015 बैच के नायब तहसीलदार है। वर्ष 2020 उनका प्रमोशन तहसीलदार के पद पर हुआ और वे दुर्ग जिला के पाटन और दुर्ग के तहसीलदार पद पर चार वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके है। वर्ष 2024 से 2026 तक रायपुर में तहसीलदार रहे। हाल ही पदोन्नत होकर डिप्टी कलेक्टर बने है और अब अनुविभागीय अधिकारी भिलाई 03 की जिम्मेदारी संभाल रहे है।

























