टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो भेजने एवं प्रैक्टिकल में कम अंक देने की धमकी देने के मामले में मानसिक रूप से परेशान करने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार…
पुलिस की अपील
अपराधों पर नियंत्रण पुलिस एवं आम जनता की साझा जिम्मेदारी है। संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने के लिए जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी…

कांकेर। पुलिस अधीक्षक, जिला उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की गई।

प्रार्थिया द्वारा थाना सिटी कोतवाली कांकेर में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी पियूष कान्त नेताम, जो प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है, ने दिनांक 25.09.2026 को टेलीग्राम के माध्यम से उसे एक अश्लील वीडियो भेजा था। वीडियो को खोलकर देखने पर अश्लील सामग्री होने के कारण प्रार्थिया ने तत्काल उसे बंद कर दिया।


प्रार्थिया के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी उससे अश्लील बातें करता था। प्रोफेसर होने के कारण वह प्रारंभ में उसकी बातों को नजरअंदाज करती रही, किंतु अश्लील वीडियो भेजे जाने तथा प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 376/2026, धारा 75(2), 75(3), 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 67(ए) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।


विवेचना के दौरान आरोपी की पतासाजी की गई। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी कृषि महाविद्यालय, कांकेर परिसर में मौजूद है। सूचना के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं विवेचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए दिनांक 28.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आरोपी का विवरण
नाम: पियूष कान्त नेताम, पिता नारद राम, उम्र 49 वर्ष, जाति गोंड, निवासी ग्राम कोपरा, बड़े राजपुर, थाना फरसगांव, जिला कोंडागांव (छत्तीसगढ़)।



