खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

RCB के जश्न के दौरान भगदड़: 11 की मौत और 33 घायल, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान

बंगलूरू में आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब जीतने के बाद आयोजित कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मच गई। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई इस घटना में 11 लोगों की मौत और 33 लोग घायल हो गए हैं। पीएम मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री ने इस घटना पर दुख जताया है…

 

चेन्नई (ए)। आईपीएल 2025 में अपनी पहली जीत का जश्न मना रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) की टीम को देखने के लिए हजारों प्रशंसक बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जमा हो गए। इस दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब स्टेडियम में आरसीबी टीम के सम्मान समारोह की शुरुआत होने वाली थी, तब एक साथ बड़ी संख्या में लोग अंदर जाने की कोशिश करने लगे। इससे भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। हालात काबू में लाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया गया। कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े, जिन्हें एंबुलेंस से पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। कुछ लोगों को मौके पर ही सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की गई।

भगदड़ की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा, ‘बेंगलुरु के एक स्टेडियम में हुई घटना में लोगों की जान जाना दुखद और हृदय विदारक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’

बेंगलुरू भगदड़ पर BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, “उन्होंने(कर्नाटक सरकार) भगदड़ की स्थिति से बचने के लिए रोड शो बंद किया था। लेकिन यह अनुमान नहीं था कि स्टेडियम के बाहर ऐसा हो जाएगा। राजनीति नहीं होनी चाहिए। सभी को मिलकर डैमेज कंट्रोल करना चाहिए।”

बंगलूरू भगदड़ की घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा- ‘बंगलूरू में हुई दुर्घटना वाकई दिल दहला देने वाली है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हों।’

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- चिन्नास्वामी स्टेडियम के निकट भगदड़ में घायल हुए लोगों का हालचाल जानने के लिए बॉरिंग और वैदेही अस्पताल का दौरा किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि बंगलूरू में आरसीबी के जश्न में हमारी उम्मीद से कहीं ज्यादा लोग जुटे। चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास 2-3 लाख से ज्यादा लोग आए, किसी को इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी।

कर्नाटक की सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की मजिस्टिरियल जांच के आदेश दिए हैं। इस भगदड़ में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है, और 47 घायल हुए हैं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपया मुआवजा देने का भी ऐलान किया है।

जानकारी के मुताबिक, ये भगदड़ चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट नंबर 6 के बाहर देखने को मिली है। बता दें कि इस भगदड़ में 47 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 6 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हालांकि चिन्नास्वामी स्टेडियम के अंदर ये भगदड़ कैसे मची, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है। हालांकि आरसीबी की विक्ट्री परेड में भारी संख्या में आरसीबी फैन्स अपने चहेते खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे। बता दें कि विक्ट्री परेड को लेकर बेंगलुरू पुलिस द्वारा एडवाइजरी भी जारी की गई थी। बावजूद इसके भारी संख्या में लोग वहां पहुंचे। यहां हालात इस कदर बेकाबू हो गया कि लोग दीवारों और पेड़ों पर चढ़कर प्लेयर्स की एक झलक पाने को बेताब थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button