सुकमा। साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी की रोकथाम तथा आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस एवं राज्य शासन की पहल पर 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक ‘साइबर जागृति अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के संबंध में विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में सुकमा पुलिस द्वारा की गई विशेष अपील पर प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार ए.आर. रहमान ने साइबर जागरूकता पर एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया है।
अपने संदेश के माध्यम से ए.आर. रहमान ने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सजग और सतर्क रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। उनका यह संदेश साइबर जागरूकता के प्रयासों को व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के समन्वय एवं मार्गदर्शन में सुकमा पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को जन-आंदोलन का रूप देना है।
सुकमा पुलिस की अपील
सुकमा पुलिस आमजन से अपील करती है कि—
OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।
ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें।
किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
“साइबर जागरूक बनें, सुरक्षित डिजिटल भविष्य से जुड़ें।”
— सुकमा पुलिस, जिला सुकमा









































