रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि अविवादित खाता विभाजन, अभिवादित/अविवादित नामांतरण के दर्ज मामलों का शीघ्र निराकरण करें। साथ ही किसान पंजीयन और पीजी पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत हर विभाग को यह जिम्मेदारी दी जाएगी कि विभाग अपनी एक टीम बनाएं और अपने आस-पास स्थित पौधों के चारों ओर लगे कांक्रीट या जालीदार घेराव (ट्री गार्ड) को हटाएं, जिससे पौधों को नया जीवन मिल सके।
बैठक में उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की। पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रामीण स्तर तक इसके क्रियान्वयन के लिए प्रभावी रणनीति बनाने को कहा। इसके साथ ही अंतर विभागीय एनओसी के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उप संचालक कृषि, उप संचालक पंचायत एवं कार्यालय जिला पंजीयक का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, जनसुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी कार्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण रखी जाएं, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, उप संचालक कृषि सतीश अवस्थी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।










































