बेमेतरा। जिले के पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने शुक्रवार को रक्षित केन्द्र (पुलिस लाइन) बेमेतरा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शस्त्रों के रख-रखाव, शासकीय वाहनों की स्थिति, साफ-सफाई, अनुशासन तथा पुलिस बल की तत्परता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने शस्त्रागार शाखा, आर्म्स शाखा, वाहन शाखा, रीडर शाखा, रोजनामचा कक्ष, क्वार्टर गार्ड, जिम, कैंटीन, डॉग स्क्वॉड, टेंट स्टॉक, एमटी सेट, पुस्तकालय, नव आरक्षक बैरक एवं ऑफिसर मेस सहित रक्षित केन्द्र की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आर्म्स शाखा में सभी शस्त्रों के नियमित रख-रखाव एवं समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वाहन शाखा के निरीक्षण के दौरान एसपी ने शासकीय वाहनों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन कर उनके बेहतर रख-रखाव और आवश्यक सुधार के लिए वाहन शाखा प्रभारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस संसाधनों का समुचित रख-रखाव बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक है।
डॉग स्क्वॉड का निरीक्षण करते हुए एसपी त्रिलोक बंसल ने डॉग मास्टर को पुलिस श्वानों के खानपान, नियमित प्रशिक्षण और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही रक्षित केन्द्र परिसर और परेड ग्राउंड को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक ड्यूटी के लिए सदैव तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों और चौकियों में आने वाले पीड़ितों की शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता में पुलिस की सकारात्मक छवि और विश्वास कायम रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अनुशासन ही पुलिस व्यवस्था की बुनियाद है और किसी भी स्तर की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

























