BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

E-चालान की प्रक्रिया का एसपी त्रिलोक बंसल ने लिया जायजा, समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से प्रक्रिया करने के दिए निर्देश

बेमेतरा। जिले के विभिन्न थानों द्वारा माननीय न्यायालय में e-चालान प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल द्वारा स्वयं माननीय न्यायालय पहुंचकर e-चालान की संपूर्ण प्रक्रिया का जायजा लिया गया।

एसपी त्रिलोक बंसल ने थाना स्तर से e-चालान तैयार कर उसे माननीय न्यायालय तक पहुंचाने तथा माननीय न्यायालय द्वारा प्राप्त e-चालान रिक्वेस्ट को उपयोग किए जाने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से e-चालान की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी त्रिलोक बंसल ने निर्देशित किया कि जिले के सभी थानों में e-चालान से संबंधित कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाए। तकनीकी प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या आने पर उसका तत्काल निराकरण कर e-चालान को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली में तकनीक के प्रभावी उपयोग से न्यायालयीन प्रक्रियाओं में तेजी, पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता बढ़ेगी। e-चालान व्यवस्था के सुचारू संचालन से थाना स्तर से माननीय न्यायालय तक दस्तावेजों के प्रेषण की प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक होगी।

एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को e-चालान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सावधानी एवं समयबद्धता बनाए रखने तथा शासन की डिजिटल पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, आरक्षक देवेन्द्र साहू, कोर्ट आरक्षक प्रितेश महिलांग सहित पुलिस विभाग व माननीय न्यायालय के अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित रहें।

Related Posts