खास खबरफीचर्डविविध

T20 विश्व कप से बाहर हुआ बांग्लादेश, नई टीम का भी आईसीसी ने किया ऐलान

बांग्लादेश क्रिकेट टीम आधिकारिक तौर पर टी20 विश्व कप से बाहर हो चुकी है। इसका अंदाजा पहले से था, लेकिन आईसीसी की ओर से आखिरी ऐलान का इंतजार किया जा रहा था, जो अब कर दिया गया है…

 

नईदिल्ली (ए)। आईसीसी ने आखिरकार वो ऐलान कर ही दिया, जिसका इंतजार पिछले कुछ घंटे से किया जा रहा है। बांग्लादेश​ क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। इसका ऐलान आईसीसी की तरफ से कर दिया गया है। आईसीसी ने साथ ये भी बता दिया है कि बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की टीम इस टूर्नामेंट में खेलेगी। स्कॉटलैंड की टीम उसी ग्रुप में आएगी, जिसमें बांग्लादेश था। अब सात फरवरी को स्कॉटलैंड की टीम वेस्टइंडीज से कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस में भिड़ती हुई नजर आएगी।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अपनी हठध​र्मिता का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। अब टीम इस साल फरवरी में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप से बाहर हो चुकी है। आईसीसी ने दो दिन पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी को अल्टीमेटम दिया था कि वे टी20 विश्व कप के मैच खेलने भारत जाएं, इसके अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं है। अगर टीम भारत नहीं जाएगी तो उसे इस टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएग। जो अब हो गया है।

कल शाम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें उन्हें बताया गया कि उनके बोर्ड ने भारत आने के बारे में फैसला करने के लिए दिए गए 24 घंटे की समय सीमा के बाद ICC को आधिकारिक तौर पर कोई जवाब नहीं दिया, इसलिए यह फैसला लिया गया है। BCB ने ग्लोबल बॉडी को आधिकारिक तौर पर सूचित करने से पहले ढाका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जो प्रोटोकॉल का उल्लंघन भी है।

इस बीच आईसीसी ने ये भी साफ कर दिया है कि बांग्लादेश की जगह नई टीम स्कॉटलैंड की होगी। बांग्लादेश की टीम आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप सी में है। अब स्कॉटलैंड की टीम उसकी जगह इसी ग्रुप में आएगी। साथ ही टी20 विश्व कप का शेड्यूल भी वही रहेगा।

केवल इतन होगा कि जो मैच बांग्लादेश खेल रहा था, वो अब स्कॉटलैंड की टीम खेलेगी। इस तरह स्कॉटलैंड अपने चार ग्रुप लीग मैच वेस्टइंडीज (7 फरवरी), इटली (9 फरवरी) और इंग्लैंड (14 फरवरी) के खिलाफ कोलकाता में खेलेगा, जिसके बाद 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ एक मैच होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button