महिला संबंधित अपराध में पुलिस की त्वरित कार्यवाही…महिला का मोबाईल मांगकर, उसकी निजी तस्वीरें आरोपी ने अपने फोन में कर लिया था ट्रांसफर…ब्लैकमेल करने और अपमानित करने की नीयत से इंस्टाग्राम पर बनाई थी फर्जी आईडी…पश्चिम बंगाल के रहने वाले आरोपी को थाना बसना पुलिस ने किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त मोबाईल फोन जप्त…तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी को पकड़ने में मिली सफलता…
महासमुन्द। जिले के थाना बसना अंतर्गत (प्रार्थिया) द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई, कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी और उसके परिवार की अन्य महिलाओं की निजी एवं आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल की जा रही हैं।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना बसना में धारा 79 BNS 66(D), 67, 67(A) आई.टी. एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर त्वरित कार्यवाही शुरू की गई। विवेचना में जानकारी प्राप्त हुई कि प्रार्थिया अपने पति के साथ आन्ध्रप्रदेश एक मुर्गी फार्म में काम करने गई थी। वहां आरोपी रोनोजीत दोलाई नामक व्यक्ति से पहचान हुई थी।
उसी दौरान रोनोजीत ने प्रार्थिया का मोबाईल मांगा था और धोखे से मोबाईल में मौजूद निजी तस्वीरें एवं वीडियो अपने फोन में ट्रांसफर कर लिए थे। वहां से काम छोड़कर वापस आ जाने के बाद, आरोपी द्वारा प्रार्थिया को फोन पर परेशान किया जाने लगा और मना करने पर उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उन निजी तस्वीरों को वायरल कर दिया।
रिपोर्ट पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सायबर साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी रोनोजीत दोलाई की पहचान सुनिश्चित की। तदोपरांत आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाईल फोन भी जप्त कर लिया है। माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी- रोनोजीत दोलाई पिता बुद्धिसबर दोलाई
निवासी बेलपुकुरिया, थाना कुलपी, साउथ 24 परगना, पश्चिम बंगाल।
जप्ती: घटना में प्रयुक्त मोबाईल फोन एवं आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य (डेटा)।


















