


भिलाई। छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों को प्रशासनिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के राजनांदगांव में संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई है। कैबिनेट के इस निर्णय से राजनांदगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शैक्षणिक संस्थानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

साय कैबिनेट के इस फैसले का छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, आर्थिक प्रकोष्ठ अवधेश चौहान ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को कार्यालयीन प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। ऐसे में राजनांदगांव में संभागीय कार्यालय की स्थापना होने से क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। विशेषकर परीक्षा, अंकसूची, दस्तावेजों से संबंधित कार्यों और विद्यालयों के प्रशासनिक समन्वय जैसे मामलों में स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने से समय और संसाधनों की बचत होगी। साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी इसका सीधा लाभ मिल सकेगा।



प्रदेश सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय का भाजपा नेता अवधेश चौहान ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार सकारात्मक निर्णय ले रही है।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय की स्थापना की मंजूरी क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इससे शिक्षा मंडल से जुड़े कार्यों में सुविधा बढ़ेगी और लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।


भाजपा नेता अवधेश चौहान ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का यह कदम शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और मजबूत बनाने में सहायक साबित होगा।
भाजपा नेता अवधेश चौहान ने कहा कि संभागीय कार्यालय की स्थापना से न केवल विद्यार्थियों और अभिभावकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि जिले के स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों को भी मंडल से संबंधित कार्यों में सहूलियत होगी।
ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार के इस निर्णय के अनुसार राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर भूमि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल को आवंटित की जाएगी। इस भूमि पर मंडल के संभागीय कार्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।



