छत्तीसगढ़फीचर्ड

कलेक्टर संबित मिश्रा ने बीजापुर व भैरमगढ़ के सुदूर क्षेत्रों का किया व्यापक दौरा, सैचुरेशन शिविर लगाने के निर्देश

बीजापुर। कलेक्टर संबित मिश्रा ने बीजापुर एवं भैरमगढ़ ब्लॉक के सुदूर एवं अंदरुनी क्षेत्रों का दौरा करते हुए सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, आंगनबाड़ी तथा स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी मूलभूत अधोसंरचना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने हेतु सैचुरेशन शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अपने दौरे की शुरुआत पेद्दाकोरमा से करते हुए ग्रामीणों से चर्चा की। योजनाओं की पहुंच पर बात करते हुए ग्रामीणों की मांग के आधार पर मंगलवार व बुधवार को सैचुरेशन शिविर लगाने के निर्देश एसडीएम व जनपद पंचायत सीईओ को दिए। उन्होंने स्वीकृत स्कूल व आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति तेज करने को कहा। पेद्दाकोरमा में सीआरपीएफ द्वारा आयोजित सिविक एक्शन प्रोग्राम में ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की सामग्रियाँ तथा युवाओं को खेल सामग्री वितरित की गई।

कलेक्टर ने निर्वाचन आयोग निर्देशित SIR कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित बीएलओ व पटवारी को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम जीएसवीएम के कार्यपालन अभियंता को सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा।

पेद्दाकोरमा एवं कोरचोली के प्राथमिक शालाओं का निरीक्षण कर कलेक्टर बच्चों की पढ़ाई से प्रभावित हुए। उन्होंने ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील की।

कलेक्टर ने पीडिया, कोपागुड़ा, तोड़का व कोरचोली कैम्प का भी अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ सुनीं। तोड़का, कोरचोली, सांवनार और नेण्ड्रा के ग्रामीणों की मांग पर अगले गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को सैचुरेशन शिविर लगाने के निर्देश दिए।

कोरचोली में निर्माणाधीन स्कूल व आंगनबाड़ी भवन को जल्द पूर्ण करने कहा गया। उन्होंने महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों से बात कर बैंक खातों में राशि अंतरण की स्थिति जानी और इसकी पुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पीडिया के ग्रामीणों द्वारा गंगालूर से राशन लाने की मजबूरी बताने पर कलेक्टर ने अगले माह से ट्रैक्टर द्वारा स्थानीय स्तर पर राशन पहुँचाने के निर्देश दिए। पटेलपारा के ग्रामीणों से चर्चा कर उन्होंने योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

हिरोली में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता व निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। भैरमगढ़ ब्लॉक के फुंडरी में उच्च स्तरीय पुल का निरीक्षण कर उन्होंने सेतु निर्माण कार्यपालन अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा ग्रामीणों की हैण्डपम्प व स्वास्थ्य सुविधा की मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

दौरे के दौरान एडिशनल एसपी अमन कुमार झा, एसडीएम जागेश्वर कौशल, डीएसपी विनीत कुमार साहू, सीईओ पी. आर. साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह दौरा सुदूर इलाकों में तेजी से विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button