देश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, वीर जवानों के साथ मनाएंगे दीपोत्सव

प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस बार वे भारतीय सैनिकों के साथ दीपावली कहां मनाएंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष उन्होंने गोवा के तट पर स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर नौसेना के जवानों के साथ दीपावली मनाई थी…

 

 

नईदिल्ली (ए)। देशभर में आज रविवार को दीपावली का त्योहार उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार की सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की असीम शुभकामनाएं।” इससे पहले, दीपावली की पूर्व संध्या पर एक वीडियो संदेश के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। दीपावली की शुभकामनाओं वाला वीडियो साझा करते हुए, प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि रोशनी का यह पर्व पूरे देश को जगमगा देता है और अंधकार पर विजय पाने के संकल्प को दर्शाता है।

उन्होंने कामना की कि यह पर्व और आने वाला समय सभी के जीवन में खुशियां, शांति व समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कहा, “दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है। आप सबको दीपावली की मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपका यह पर्व और आपका आगे का समय सब कुछ सुख, शांति और समृद्धि से भरा हुआ रहे।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे दीपावली का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं और हर वर्ष की तरह इस बार भी देश के वीर जवानों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा जारी रखेंगे। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “मैं भी आपकी तरह बड़े उत्साह से दीपावली मनाता हूं। आप जानते ही हैं कि हर वर्ष दीपावली पर मैं देश के वीर जवानों से मिलने जाता हूं।

इस बार भी यह क्रम जारी रहेगा।” हालांकि, प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस बार वे भारतीय सैनिकों के साथ दीपावली कहां मनाएंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष उन्होंने गोवा के तट पर स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर नौसेना के जवानों के साथ दीपावली मनाई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button