देश-दुनियाफीचर्ड

लद्दाख के नए 5 जिलों में डीसी और एसपी की नियुक्ति, एलजी वी.के. सक्सेना ने दी मंजूरी

नवगठित जिलों नुब्रा, शैम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास में डीसी तथा एसपी के पद भर दिए गए हैं। इस फैसले का उद्देश्य शासन व्यवस्था को तुरंत लागू करना, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और दूरदराज के इलाकों तक प्रशासन को पहुंचाना है…

 

जम्मू (ए)। लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने मंगलवार को केंद्र शासित प्रदेश के नवगठित पांच जिलों में डिप्टी कमिश्नर (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) की नियुक्ति को मंजूरी दे दी। यह जानकारी उपराज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई। विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीसी और एसपी की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रशासन ने बताया कि नए पांच जिलों के गठन के एक दिन बाद ही उपराज्यपाल ने इन पदों पर नियुक्तियों को मंजूरी देकर प्रशासनिक कार्य तुरंत शुरू करने का रास्ता साफ कर दिया है।

नवगठित जिलों नुब्रा, शैम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास में डीसी तथा एसपी के पद भर दिए गए हैं। इस फैसले का उद्देश्य शासन व्यवस्था को तुरंत लागू करना, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और दूरदराज के इलाकों तक प्रशासन को पहुंचाना है।

उपराज्यपाल सक्सेना ने नव नियुक्त अधिकारियों से बिना देरी अपने-अपने जिलों का कार्यभार संभालने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ काम करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अधीनस्थ अधिकारियों के बाकी पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। साथ ही आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को भी जल्द पूरा किया जाएगा, ताकि प्रशासन सुचारू रूप से काम कर सके।

उपराज्यपाल ने कहा कि दीर्घकालिक प्रशासनिक और विकास लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए मजबूत प्रशासनिक ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिससे नए जिलों के गठन का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकेंद्रीकृत शासन व्यवस्था से सेवाओं की डिलीवरी बेहतर होगी, प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था मजबूत होगी।

इस बीच लेह और कारगिल के मौजूदा जिला प्रशासन अपने वर्तमान अधिकारियों के साथ काम करते रहेंगे और संक्रमण काल में नए जिलों के प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button