खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

हिंदी दिवस पर बोले पीएम मोदी- विश्व पटल पर हिंदी का बढ़ता सम्मान गर्व की बात

हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1949 की उस ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है जब संविधान सभा ने हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषाओं में से एक के रूप में अपनाने पर सहमति दी थी…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि दुनिया भर में हिंदी के प्रति बढ़ता सम्मान सभी भारतीयों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। गौरतलब है कि हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1949 की उस ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है जब संविधान सभा ने हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषाओं में से एक के रूप में अपनाने पर सहमति दी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आप सभी को हिंदी दिवस की अनंत शुभकामनाएं। हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान और संस्कारों की जीवंत धरोहर है।” उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि हिंदी के साथ-साथ सभी भारतीय भाषाओं को समृद्ध बनाएं और उन्हें गर्व के साथ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं। पीएम मोदी ने कहा, “विश्व पटल पर हिंदी का बढ़ता सम्मान हम सबके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।”

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल। बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल। सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

जेपी नड्डा ने कहा कि हिंदी मात्र एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की प्रतीक है। यह भारतीय संस्कारों, जीवन मूल्यों और आदर्शों की संवाहक है। स्वतंत्रता आंदोलन में भी हिंदी ने देश को एक सूत्र में बांधने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि भारत की विविध भाषाओं के साथ मिलकर हिंदी भाषा आगे भी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button