खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

ओडिशा रेल हादसा में थम गई 288 जिंदगियां: पीएम मोदी ने राहत-बचाव कार्य में लगे लोगों की सराहना की, घटनास्थल से केंद्रीय स्वास्थ मंत्री को किया फोन, आज स्वास्थ्य मंत्री भुवनेश्वर एम्स का कर सकते है दौरा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ओडिशा रेल दुर्घटना के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने घटनास्थल कर दौरा कर स्थिति का जायजा लिया…

बालासोर (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ओडिशा रेल हादसे के घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात भी की. पीएम घटनास्थल पर किसी से फोन पर बात भी करते हुए नजर आए. पीएम ने बेहतर व्यवस्था को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और कैबिनेट सचिव को फोन किया था. इस हादसे में अब तक 288 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोगों का इलाज चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार, मनसुख मांडविया ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के घायलों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सहायता का जायजा लेने के लिए आज यानी रविवार 4 जून  को एम्स भुवनेश्वर और कटक में मेडिकल कॉलेज का दौरा कर सकते हैं. अधिकारियों ने बताया कि पीएम ने उन्हें फोन करके उनसे ये सुनिश्चित करने के लिए कहा कि घायलों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए. शोक संतप्त परिवारों को किसी तरह की असुविधा न हो और प्रभावितों को आवश्यक सहायता मिलती रहे।

पीएम मोदी ने हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही. उन्होंने कहा कि रेल हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा. पीएम मोदी ने कहा कि हम इस भीषण रेल दुर्घटना के घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराएंगे. उन्होंने लोगों को बचाने में मदद करने के लिए स्थानीय लोगों का भी धन्यवाद किया, जिनमें से कई लोगों ने तो रात भर काम किया था।

पीएम ने कहा कि मैं ट्रेन दुर्घटना प्रभावितों को दी गई सभी मदद के लिए स्थानीय लोगों का आभारी हूं. मेरे पास पीड़ा व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं. ईश्वर हमें इस स्थिति से उबरने की शक्ति दें. प्रधानमंत्री के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे. आपदा प्रबंधन टीम के अधिकारियों ने पीएम के साथ ही दोनों केंद्रीय मंत्रियों को स्थिति के बारे में जानकारी भी दी।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ”ओडिशा रेल हादसे को लेकर दुनिया के नेताओं के शोक संदेशों से बेहद प्रभावित हूं. उनके विनम्र शब्द शोक संतप्त परिवारों को शक्ति देंगे. उनके समर्थन के लिए आभार.”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ”मैं रेलवे, एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ, स्थानीय अधिकारियों, पुलिस, अग्निशमन सेवा, वालंटियर्स और अन्य लोगों की टीमों से संबंधित प्रत्येक व्यक्ति की सराहना करता हूं जो बिना थके जमीन पर काम कर रहे हैं और बचाव कार्यों को मजबूत कर रहे हैं. उनके समर्पण पर गर्व है.”

एनडीआरएफ अधिकारी मोहसिन शाहिदी ने कहा, ”अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक 288 शव बरामद किए गए हैं और करीब 1000 से अधिक लोग घायल हुए हैं जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अभियान तकरीबन आखिरी चरण में है.”

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि सभी एयरलाइनों को सलाह दी जाती है कि वे मृतकों के अवशेषों को उन राज्यों में वापस लाने की सुविधा के लिए पूरा सहयोग दें जहां वे रहा करते थे।

ओडिशा के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि अब तक 1175 मरीजों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 793 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है. 382 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं जिनमें से 2 की हालत गंभीर है. अन्य सभी की हालत स्थिर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button