फीचर्डविविध

चुनाव से पहले शशिकला ने किया राजनीति से संन्यास का ऐलान, कहा- सत्ता नहीं रहा मेरा लक्ष्य

चेन्नई (ए)। तमिलनाडु की जानी-पहचानी लीडर वी.के. शशिकला ने राजनीति छोड़ने का ऐलान कर दिया है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले उनका यह कदम तमिलनाडु की राजनीति में यह एक बड़ा उलटफेर कर सकता है। अपने एक बयान में वीके शशिकला ने कहा हैं कि वह सार्वजनिक जीवन छोड़ रही हैं। साथ ही उन्होंने AIADMK कैडरों को एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में डीएमके को हराने के लिए जमकर काम करने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता कभी भी मेरा लक्ष्य नहीं रहा है। आपको बता दें कि वी के शशिकला दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता की काफी करीबी रहीं है।

आपको बता दें कि तमिलनाडु में आने वाले दिनों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। बीते सप्ताह ही चुनाव आयोग ने राज्य में होने वाले विधानसभा के चुनाव के तारीखों की घोषणा की है। राज्य में सभी 234 सीटों पर एक चरण में 6 अप्रैल को वोटिंग होगी।

वी.के. शशिकला की ओर से राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा करने से पहले ही भाजपा ने कहा था कि वी.के. शशिकला के बारे में आगमी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अन्नाद्रमुक को फैसला लेना होगा। भाजपा ने बुधवार को कहा था कि दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता की करीबी रहीं वी. के. शशिकला को छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ दल के अगुवाई वाले गठबंधन में शामिल करना है या नहीं, इस पर अन्नाद्रमुक को निर्णय लेना होगा।

इस पर अन्नाद्रमुक ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह न तो शशिकला को और न ही उनके रिश्तेदार टीटीवी दिनाकरण नीत अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम को पार्टी में और ना ही चुनाव के लिए किए गए गठबंधन में शामिल करेगी।

तमिलनाडु भाजपा प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि से पूछा गया था कि क्या उनकी पार्टी चाहती है कि शशिकला अन्नाद्रमुक नीत गठबंधन में शामिल हो जाएं और इस संबंध में गृहमंत्री अमित शाह के कथित तौर पर मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी से बात करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”आप केवल कयास लगा रहे हैं।”

उन्होंने संवाददताओं से कहा कि भाजपा अन्नाद्रमुक की अगुवाई वाले गठबंधन का हिस्सा है और शशिकला तथा दिनाकरण को इसमें शामिल करना है या नहीं, इस पर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी को निर्णय करना है।

इसके अलावा सीटों के बंटवारे को लेकर अन्नाद्रमुक के साथ किसी प्रकार के मतभेद के बारे में पूछे जाने पर सी टी रवि ने कहा, ”इस मसले पर कोई मतभेद नहीं है और बातचीत चल रही है। रवि ने कहा, ”हम सभी कुल 234 सीटों पर पार्टी को मजबूत कर रहे हैं।”

यह पूछे जाने पर की क्या भाजपा शशिकला को गठबंधन में वापस लाने की सिफारिश कर रही है या पार्टी पर इसके लिए कोई दबाव है, इस पर अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता डी जयकुमार ने कहा था कि हम पर कोई दबाव नहीं बना सकता।

Related Articles

Back to top button