देश-दुनियाफीचर्डविविध

2023 वनडे वर्ल्ड कप में क्वालिफाई करने वाली 10वीं टीम बनी नीदरलैंड्स, स्कॉटलैंड को हराकर बनाई जगह

नीदरलैंड्स की टीम विश्व कप में क्वालिफाई करने वाली 10वीं टीम बन गई. नीदरलैंड्स ने स्कॉटलैंड को क्वालिफायर में हराकर यह मुकाम हासिल किया…

नईदिल्ली (ए)। भारत में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए नीदरलैंड्स ने क्वालिफाई कर लिया है. नीदरलैंड्स विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने वाली 10वीं टीम बन गई है. वर्ल्ड कप क्वालिफायर के सुपर-6 चरण में स्कॉटलैंड को 4 विकेट से हराकर नीदरलैंड्स ने यह मुकाम हासिल किया. मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए स्कॉटलैंड ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 277 रन बोर्ड पर लगाए।

रनों का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स ने 42.5 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया. टीम की ओर से बस डि लीडे ने 92 गेंदों में 133.70 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी करते हुए सबसे बड़ी 123 रनों की पारी खेली. उनकी इस पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

मैच में शुरुआत से ही अच्छी दिखी नीदरलैंड की टीम रनों का पीछा करते हुए नीदरलैंड्स की ओर ओपनिंग पर आए विक्रमजीत सिंह ने 6 चौकों की मदद से 40 रनों पारी खेल टीम को एक अच्छी शुरुआत दिलाई. इसके बाद नंबर चार पर बल्लेबाज़ी करते हुए बस डि लीडे ने अपनी शतकीय पारी से टीम की जीत की राह आसान की. बस डि लीडे ने मैच जीतने से 3 गेंद ही पहले ही अपना विकेट गंवाया।

इसके अलावा टीम को दूसरे ओपनिंग बल्लेबाज़ मैक्स ओ’डॉव ने 20 रन जोड़े. नंबर तीन पर बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्ले बर्रेसी ने 11 रनों की पारी खेली. वहीं साकिब ज़ुल्फिकार ने 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 33*, कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 3 चौकों की मदद से 25 और तेजा निडानुरु ने 10 रन बनाए. वहीं, वैन बीक 1 रन पर नाबाद रहे।

ऐसी रही नीदरलैंड्स की गेंदबाज़ी नीदरलैंड्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी और टीम के गेंदबाज़ कप्तान के इस फैसले पर खरे उतरे. टीम की ओर से बस डि लीडे ने गेंदबाज़ी करते हुए 10 ओवर में 52 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा रयान क्लेन को 2 और वैन बीक को 1 विकेट मिला. मैच में शानदार ऑलराउंड परफॉर्मेंस के चलते बस डि लीडे को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाज़ा गया।

विश्व कप के लिए पूरी हुई 10 टीमें नीदरलैंड्स की जीत के बाद वर्ल्ड कप 2023 के लिए 10 टीमें पूरी हो गई हैं. पहले 8 टीमों ने डायरेक्ट वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया था. इसके बाद दो टीमों के लिए क्वालिफायर मैच खेले गए, जिसमें श्रीलंका और नीदरलैंड्स ने क्वालिफाई करके विश्व कप में जगह बनाई. अब भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, पाकिस्तान, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और नीदरलैंड्स को मिलाकर कुल 10 टीमें टूर्नामेंट के लिए तय हो गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button