अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 में 34 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने भारत के लिए सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। इस पारी के दौरान पावरप्ले, छक्कों, स्ट्राइक रेट और टी20 शतकों से जुड़े कई बड़े रिकॉर्ड भी उनके नाम हुए…
नईदिल्ली (ए)। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने ऐसी पारी खेली, जिसने टी20 क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में कई नए पन्ने जोड़ दिए। उन्होंने महज 34 गेंदों में 108 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 317.64 रहा। अभिषेक ने अपनी पारी में नौ चौके और 11 छक्के लगाए। उनकी इस पारी का सबसे बड़ा आकर्षण 30 गेंदों में पूरा हुआ शतक रहा। यह भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया गया सबसे तेज शतक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया था, लेकिन अभिषेक का रिकॉर्ड सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने किसी पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ भी सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया
अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चार बार 20 से कम गेंदों में अर्धशतक लगाया है। यह भी इस प्रारूप में किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा है। यानी अभिषेक के नाम अब सिर्फ सबसे तेज शतक ही नहीं, बल्कि सबसे कम गेंदों में बार-बार अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी है। अगर सभी टी20 मुकाबलों की बात करें तो अभिषेक ने छह बार 16 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाया है। यह भी सबसे ज्यादा है। उनके बाद वैभव सूर्यवंशी का नंबर आता है, जिन्होंने चार बार 16 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ 34 गेंदों पर 108 रन की पारी को सिर्फ एक तेज शतक के रूप में नहीं देखा जा सकता। यह रिकॉर्ड बुक में एक साथ कई नए आंकड़े दर्ज करने वाली पारी रही। मैच की बात करें तो भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में 127 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 3-0 से अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ किया।
222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 14.1 ओवर में 94 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, अक्षर पटेल को दो विकेट मिले, जबकि जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। अफगानिस्तान की ओर से कप्तान इब्राहिम जादरान ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। उनके अलावा अजमतुल्लाह ओमरजई ने 17 और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 15 रन की पारी खेली।









































