छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

मुख्यमंत्री ने नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, दुर्ग के भवन और रुआबांधा पुलिस चौकी का किया लोकार्पण

भिलाई। दिनांक 24.11.2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा दुर्ग रेंज के नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण एवं दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान– नशा मुक्ति’ का शुभारंभ किया गया। दोनों पहल साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ितों को त्वरित सहायता तथा समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में दुर्ग पुलिस की महत्वपूर्ण कार्ययोजना का हिस्सा हैं।

दिनांक 24 नवंबर 2026 को  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महिला थाना सेक्टर-06, भिलाई के समीप लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, दुर्ग के भवन का विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया गया।

लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री द्वारा नवीन भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश अंकित किया तथा रोजनामचा में भी कार्यक्रम की प्रविष्टि की।

नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के अंतर्गत आने वाले तीन जिलों दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा तक विस्तारित है। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अपराध एवं अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई, डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण तथा जटिल साइबर अपराधों की विवेचना की जाएगी। इसके साथ ही साइबर अपराध पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा दुर्ग पुलिस के नशामुक्ति अभियान ‘संकल्प अभियान’ का पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ किया गया।

नशे की समस्या का प्रभाव केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार, समाज एवं युवा पीढ़ी के भविष्य को भी प्रभावित करती है। इस समस्या के समाधान के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा तीन स्तरीय कार्ययोजना तैयार की गई है।

जागरूकता एवं रोकथाम: गांव, वार्ड, शिक्षण संस्थानों एवं परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर जनजागरूकता बढ़ाना।

प्रभावी पुलिस कार्रवाई: मादक पदार्थों एवं नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करना।

उपचार एवं पुनर्वास: नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ना।

इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके।

दुर्ग पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर अपराध एवं नशे से संबंधित सहायता तथा सूचना के लिए निम्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

मानस हेल्पलाइन – 1933

ए.एन.टी.एफ. दुर्ग हेल्पलाइन – 94791-5151

नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के संचालन एवं नशामुक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से दुर्ग पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम, तकनीकी विवेचना, पीड़ितों को सहायता तथा सामाजिक जागरूकता की दिशा में समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग गजेंद्र यादव तथा सांसद दुर्ग विजय बघेल उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में ललित चंद्राकर, माननीय उपाध्यक्ष राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग रिकेश सेन, विधायक वैशाली नगर तथा कमिश्नर सत्यनारायण राठौर सहित पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य दुर्ग रेंज, जिला दंडाधिकारी दुर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग एवं अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button