खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

450 लाख करोड़ रुपये मार्केट कैप के साथ भारतीय शेयर बाजार ने बनाया नया कीर्तिमान

1 दिसंबर 2023 के बाद से सात महीनों में भारतीय शेयर बाजार के वैल्यूएशन में 100 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का उछाल आया है…

 

मुंबई (ए)। भारतीय शेयर बाजार ने 5 जुलाई 2024 को एक और इतिहास रच दिया. पहली बार बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक्स का मार्केट कैपिटलाइजेशन 450 लाख करोड़ रुपये को छूने में कामयाब रहा है. पिछले एक महीने में 4 जून 2024 को लोकसभा चुनाव के नतीजे वाले दिन आई गिरावट के बाद से ही भारतीय बाजार के मार्केट कैप में 55 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का उछाल आ चुका है।

आज के कारोबार में बाजार की दिग्गज कंपनियां एसबीआई, रिलायंस एचयूएल और लार्सन के शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिली. साथ ही मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स का भी जोश हाई नजर आया है. इसी के चलते बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक्स का मार्केट कैप पहली बार 450 लाख करोड़ रुपये तक जा पहुंचा. हालांकि कारोबार खत्म होने पर 449.88 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप पर क्लोज हुआ है।

साल 2023 के आखिरी कारोबारी सत्र में बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक का मार्केट कैप 364.05 लाख करोड़ रुपये पर क्लोज हुआ था. यानि 2024 के छह महीने में भारतीय बाजारों के वैल्यूएशन में करीब 86 लाख करोड़ रुपये का उछाल आ चुका है. जबकि बीते सात महीने में मार्केट कैप में 100 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का उछाल आ चुका है. फरवरी 2021 में भारतीय बाजारों का मार्केट कैप 200 लाख करोड़ रुपये का हुआ करता था जो अब दोगुना से भी ज्यादा हो चुका है. जनवरी 2015 में 100 लाख करोड़ रुपये मार्केट कैप हुआ करता था।

वैल्यूएशन के हिसाब से भारतीय शेयर बाजार दुनिया का चौथा सबसे बड़ा स्टॉक मार्केट बन चुका है. मार्केट कैप ही नहीं बल्कि सेंसेक्स एक तरफ 80,000 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है तो निफ्टी भी लाइफटाइम हाई पर 24,300 के ऊपर कारोबार कर रहा है. निफ्टी बैंक 53000 के आंकड़े को पार करने में सफल रहा है जो कि रिकॉर्ड हाई है तो निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 57000 पहली बार पार किया है. स्मॉलकैप इंडेक्स 19000 को पार करने के कगार पर है. बाजार को विदेशी निवेशकों के साथ रिटेल निवेशकों का भी जोरदार सपोर्ट मिल रहा है. यही वजह है कि भारतीय बाजार हर दिन नए कीर्तिमान बना रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button