BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को समय पर पूरा करें : कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से तैयारियां सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की फॉलोअप बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं एवं विभिन्न शासकीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने पीएमएवाई के प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को बुलाकर योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाए और प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने अभनपुर एसडीएम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अन्य एसडीएम को भी इसी तरह प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को आरआरसी वसूली की कार्रवाई में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। पीएम किसान सम्मान निधि से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए।

डॉ. सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित लोक सेवा गारंटी से जुड़े सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकरण समय-सीमा से बाहर जाने पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्कूलों में शिविर लगाकर विद्यार्थियों के जाति, निवास एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी आवेदन को निरस्त करने की स्थिति में आवेदक को निरस्तीकरण का स्पष्ट कारण अनिवार्य रूप से बताया जाए। सीमांकन से संबंधित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने तिलापिया मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर विकसित करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए तो तिलापिया मछली उत्पादन के क्षेत्र में रायपुर जिला देश में विशिष्ट स्थान हासिल कर सकता है।

उन्होंने सभी जोन में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाते हुए मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

Related Posts