खैरागढ़। पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के सुदूर एवं सीमावर्ती क्षेत्र स्थित थाना बकरकट्टा का औचक निरीक्षण तथा आईटीबीपी कैम्प बकरकट्टा का भ्रमण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई भी उनके साथ उपस्थित रहे।
औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने थाना बकरकट्टा की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराधों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की तथा थाना अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने थाना प्रभारी एवं उपस्थित पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था तथा स्थानीय परिस्थितियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने साइबर जागृति अभियान में कार्यवाही का विवरण लिया ।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा आईटीबीपी कैम्प बकरकट्टा का भी भ्रमण किया गया। इस दौरान आईटीबीपी एवं जिला पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों से चर्चा कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, आपसी समन्वय तथा संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी के संबंध में जानकारी ली गई।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में जिला पुलिस एवं आईटीबीपी के मध्य बेहतर समन्वय, नियमित पेट्रोलिंग, प्रभावी सूचना तंत्र तथा सतत सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जवानों से संवाद कर उनकी ड्यूटी एवं कार्य परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी बकरकट्टा, आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान तथा जिला पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









































