खैरागढ़। आगामी गणेश विसर्जन एवं गणेशोत्सव के दौरान शहर में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा खैरागढ़ शहर में स्थापित विभिन्न गणेश पंडालों का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल द्वारा किया गया इस दौरान पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री टंकेश्वर साहू, पुलिस विभाग के अनुविभागीय अधिकारी सहित थाना खैरागढ़ पुलिस की टीम उपस्थित रही।
संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं एवं पंडालों का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। आयोजन समितियों से चर्चा कर गणेशोत्सव के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
आयोजन समितियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान गणेश पंडाल समितियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि पंडाल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी पहले से सुनिश्चित की जाए। पंडालों में विद्युत तारों एवं कनेक्शनों की सुरक्षित व्यवस्था रखने, ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित रखने तथा आगजनी की स्थिति में बचाव के आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में भी निर्देशित किया गया।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए आयोजन समितियों को आवश्यक सहयोग करने तथा निर्धारित मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक अवरोध उत्पन्न नहीं करने की हिदायत दी गई।
आगामी गणेश विसर्जन को लेकर विशेष सावधानी
आगामी गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आयोजन समितियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। विसर्जन जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित मार्ग का पालन करने, भीड़ को नियंत्रित रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने के लिए कहा गया।
विसर्जन के दौरान नदी, तालाब अथवा अन्य जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने के संबंध में भी आयोजन समितियों एवं उपस्थित नागरिकों को अवगत कराया गया।
पुलिस एवं प्रशासन की पैदल गश्त
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा शहर में पैदल गश्त भी की गई। अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं गणेश पंडालों के आसपास की स्थिति का जायजा लिया तथा आम नागरिकों से संवाद कर गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
पुलिस टीम द्वारा विभिन्न पंडालों में पहुंचकर आयोजन समिति के पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई और उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया कि धार्मिक आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त अपील
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा गणेशोत्सव में शामिल सभी आयोजन समितियों, श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की गई कि वे पर्व को शांति, सौहार्द, अनुशासन एवं भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद, हुड़दंग अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अधिकारियों ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान आयोजन समितियों को यह भी निर्देशित किया कि गणेशोत्सव एवं विसर्जन कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।









































