BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

34 गेंदों में 108 रन…अभिषेक शर्मा के बल्ले ने मचाई ऐसी तबाही, टूट गए टी20 के 12 रिकॉर्ड्स

अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 में 34 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने भारत के लिए सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। इस पारी के दौरान पावरप्ले, छक्कों, स्ट्राइक रेट और टी20 शतकों से जुड़े कई बड़े रिकॉर्ड भी उनके नाम हुए…

 

 

नईदिल्ली (ए)। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने ऐसी पारी खेली, जिसने टी20 क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में कई नए पन्ने जोड़ दिए। उन्होंने महज 34 गेंदों में 108 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 317.64 रहा। अभिषेक ने अपनी पारी में नौ चौके और 11 छक्के लगाए। उनकी इस पारी का सबसे बड़ा आकर्षण 30 गेंदों में पूरा हुआ शतक रहा। यह भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया गया सबसे तेज शतक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया था, लेकिन अभिषेक का रिकॉर्ड सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने किसी पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ भी सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया

1. 30 गेंदों में शतक, भारत के लिए सबसे तेज
अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक है। इससे पहले भारत के लिए सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने 22 दिसंबर 2017 को इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया था।

अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को पांच गेंद से बेहतर किया। इतना ही नहीं, किसी पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी यह सबसे तेज शतक है। इससे पहले न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 2026 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में शतक लगाकर यह रिकॉर्ड बनाया था।

2. टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरा सबसे तेज शतक
अभिषेक का 30 गेंदों में आया शतक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में तीसरा सबसे तेज शतक है। उनसे आगे सिर्फ एस्टोनिया के साहिल चौहान और तुर्की के मुहम्मद फहद हैं। साहिल चौहान ने 2024 में साइप्रस के खिलाफ 27 गेंदों में शतक लगाया था, जबकि मुहम्मद फहद ने 2025 में बुल्गारिया के खिलाफ 29 गेंदों में यह कारनामा किया था।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज शतक

खिलाड़ी गेंद मैच स्थान तारीख
साहिल चौहान 27 एस्टोनिया बनाम साइप्रस एपिस्कोपी 17 जून 2024
मुहम्मद फहद 29 तुर्की बनाम बुल्गारिया सोफिया 12 जुलाई 2025
अभिषेक शर्मा 30 भारत बनाम अफगानिस्तान दिल्ली 17 सितंबर 2026
जान निकोल लॉफ्टी-ईटन 33 नामीबिया बनाम नेपाल कीर्तिपुर 27 फरवरी 2024
सिकंदर रजा 33 जिम्बाब्वे बनाम गाम्बिया नैरोबी 23 अक्टूबर 2024
फिन एलन 33 न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका कोलकाता 4 मार्च 2026
कुशल मल्ला 34 नेपाल बनाम मंगोलिया हांगझोउ 27 सितंबर 2023
डेविड मिलर 35 दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश पोटचेफस्ट्रूम 29 अक्टूबर 2017
रोहित शर्मा 35 भारत बनाम श्रीलंका इंदौर 22 दिसंबर 2017
एस. विक्रमसेकरा 35 चेक गणराज्य बनाम तुर्की इल्फोव काउंटी 30 अगस्त 2019
3. 108 में 102 रन सिर्फ चौके-छक्कों से
अभिषेक ने अपनी 108 रन की पारी में 102 रन सिर्फ चौकों और छक्कों से बनाए। यानी उनकी कुल पारी के 94.44 प्रतिशत रन सीमाओं से आए। पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले बल्लेबाज की पारी में सीमाओं से आए रनों का यह सबसे बड़ा अनुपात है। इससे पहले यह रिकॉर्ड मुहम्मद फहद के नाम था। उन्होंने 2025 में बुल्गारिया के खिलाफ 120 रन बनाए थे, जिसमें 112 रन चौकों और छक्कों से आए थे। यह 93.33 प्रतिशत था। अभिषेक ने इस मामले में भी नया रिकॉर्ड बना दिया। उनकी 108 रन की पारी में सिर्फ छह रन ऐसे रहे, जो चौके या छक्के के अलावा आए।
4. 8.3 ओवर में शतक, सिर्फ एक रिकॉर्ड से पीछे
अभिषेक शर्मा ने अपने शतक तक पहुंचने के लिए पारी के 8.3 ओवर का समय लिया। पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह किसी बल्लेबाज के व्यक्तिगत शतक तक पहुंचने के लिए दूसरा सबसे कम ओवर है। इस मामले में भी उनसे आगे मुहम्मद फहद हैं। फहद ने 2025 में बुल्गारिया के खिलाफ सिर्फ 7.4 ओवर में अपना शतक पूरा कर लिया था। यानी अभिषेक ने यहां भी एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जहां उनसे आगे सिर्फ एक बल्लेबाज है।
5. भारत का पावरप्ले में पहली बार 100 रन
अभिषेक की पारी का असर सिर्फ उनके व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स तक सीमित नहीं रहा। भारत ने शुरुआती छह ओवरों में ही ऐसा स्कोर खड़ा कर दिया, जो उसके टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में नया रिकॉर्ड बन गया। भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ शुरुआती छह ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 100 रन बनाए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।

इससे पहले भारत का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर 95 रन था, जो उसने 2025 में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। उस दौरान भारत ने एक विकेट गंवाया था। दिलचस्प बात यह भी है कि उपलब्ध गेंद-दर-गेंद आंकड़ों के अनुसार भारत से पहले पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में आठ टीमें पावरप्ले में 100 या उससे ज्यादा रन बना चुकी थीं। अब भारत भी इस सूची में शामिल हो गया।

6. पावरप्ले में अभिषेक के 76* रन, दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
भारत के 100 रन के पावरप्ले में अभिषेक शर्मा का योगदान 76 रन का रहा। उपलब्ध गेंद-दर-गेंद आंकड़ों के अनुसार पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में पावरप्ले के दौरान किसी एक बल्लेबाज का यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस मामले में रिकॉर्ड मुहम्मद फहद के नाम है। उन्होंने पिछले साल बुल्गारिया के खिलाफ पावरप्ले में 24 गेंदों पर 93 रन बनाए थे। अभिषेक ने इस रिकॉर्ड सूची में अपने नाम को दूसरे स्थान पर दर्ज करा दिया।
7. 11 छक्के, भारत की दूसरी सबसे बड़ी पारी में दूसरा सबसे ज्यादा
अभिषेक ने अफगानिस्तान के खिलाफ 108 रन की पारी के दौरान 11 छक्के लगाए। यह भारत की ओर से किसी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी में दूसरा सबसे ज्यादा छक्कों का आंकड़ा है। इस सूची में शीर्ष पर खुद अभिषेक शर्मा हैं। उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े में 135 रन की पारी के दौरान 13 छक्के लगाए थे। अभिषेक की 108 रन की पारी से पहले रोहित शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा और ईशान किशन भी भारत की ओर से एक पारी में 10 छक्के लगा चुके हैं।

भारत के लिए एक टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी में सबसे ज्यादा छक्के

खिलाड़ी रन गेंद चौके छक्के खिलाफ साल
अभिषेक शर्मा 135 54 7 13 इंग्लैंड 2025
अभिषेक शर्मा 108 34 9 11 अफगानिस्तान 2026
रोहित शर्मा 118 43 12 10 श्रीलंका 2017
संजू सैमसन 107 50 7 10 दक्षिण अफ्रीका 2024
तिलक वर्मा 120* 47 9 10 दक्षिण अफ्रीका 2024
ईशान किशन 103 43 6 10 न्यूजीलैंड 2026
8. 10 टी20 शतक, विराट कोहली के बराबर
अफगानिस्तान के खिलाफ शतक के साथ अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में अपने 10 शतक पूरे कर लिए। भारतीय बल्लेबाजों में अब उनके नाम संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा टी20 शतक हैं। अभिषेक इस मामले में विराट कोहली के बराबर पहुंच गए हैं। दोनों के नाम टी20 क्रिकेट में 10-10 शतक हैं।
अभिषेक ने 10 शतक तक पहुंचने के लिए 205 पारियां खेलीं। उनसे कम पारियों में 10 टी20 शतक तक पहुंचने वाले बल्लेबाजों में सिर्फ क्रिस गेल हैं। गेल ने 126 पारियों में 10 शतक पूरे किए थे। दुनिया में छह बल्लेबाज ऐसे हैं, जिनके नाम टी20 क्रिकेट में कम से कम 10 शतक हैं।

टी20 क्रिकेट में 10 या उससे ज्यादा शतक वाले बल्लेबाज

खिलाड़ी मैच पारी रन शतक अर्धशतक
क्रिस गेल 463 455 14,562 22 88
बाबर आजम 359 346 12,493 13 101
अभिषेक शर्मा 209 205 6,224 10 38
क्विंटन डिकॉक 463 449 13,046 10 85
विराट कोहली 430 413 14,218 10 110
डेविड वॉर्नर 439 438 14,284 10 118

9. शतक में 317.64 का स्ट्राइक रेट, तीसरा सबसे ज्यादा

अभिषेक का 317.64 का स्ट्राइक रेट पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाली पारियों में तीसरा सबसे ज्यादा है। इस सूची में सबसे ऊपर मुहम्मद फहद हैं, जिन्होंने बुल्गारिया के खिलाफ 34 गेंदों में 120 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 352.94 रहा। दूसरे स्थान पर साहिल चौहान हैं, जिन्होंने साइप्रस के खिलाफ 41 गेंदों में नाबाद 144 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 351.21 रहा। अभिषेक की यह पारी खास इसलिए भी है क्योंकि टी20 क्रिकेट में शतक के दौरान 300 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट का कारनामा उन्होंने दूसरी बार किया है। इस मामले में उर्विल पटेल भी उनके साथ हैं।

टी20 में शतक के दौरान सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट

खिलाड़ी रन गेंद स्ट्राइक रेट खिलाफ साल
मुहम्मद फहद 120 34 352.94 बुल्गारिया 2025
साहिल चौहान 144* 41 351.21 साइप्रस 2024
अभिषेक शर्मा 108 34 317.64 अफगानिस्तान 2026
सिकंदर रजा 133* 43 309.30 गाम्बिया 2024
फिन एलन 100* 33 303.03 दक्षिण अफ्रीका 2026
कुशल भुर्तेल 129 43 300.00 चीन 2026
10. 30 या उससे कम गेंदों में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज
अभिषेक शर्मा अब टी20 क्रिकेट में 30 या उससे कम गेंदों में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इससे पहले भी 30 गेंदों के भीतर शतक लगाया था और अफगानिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों में शतक जड़कर उन्होंने इस उपलब्धि को दूसरी बार हासिल किया। यही नहीं, 40 या उससे कम गेंदों में शतक लगाने के मामले में भी अभिषेक सबसे आगे हैं। उनके नाम ऐसे पांच शतक हैं। इनमें दो शतक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए हैं, जो इस प्रारूप में एक रिकॉर्ड है। इस रिकॉर्ड से उनकी बल्लेबाजी की एक खास तस्वीर सामने आती है—वह सिर्फ बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज नहीं हैं, बल्कि बेहद कम गेंदों में शतक तक पहुंचने की क्षमता भी उनके खेल का बड़ा हिस्सा बन चुकी है।
11. टी20 अंतरराष्ट्रीय में पांचवीं बार पावरप्ले में अर्धशतक
अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में पांचवीं बार पावरप्ले के दौरान अर्धशतक पूरा किया। यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा टी20 अंतरराष्ट्रीय के पावरप्ले में सबसे ज्यादा अर्धशतक हैं। इस मामले में उन्होंने एस्वातिनी के आदिल बट को पीछे छोड़ा। आदिल बट ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में चार बार पावरप्ले के अंदर अर्धशतक लगाया है। अभिषेक का यह रिकॉर्ड बताता है कि उनकी बल्लेबाजी में शुरुआती छह ओवर कितने महत्वपूर्ण हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने पावरप्ले में ही भारत को 100 रन के रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
12. 20 से कम गेंदों में चार बार अर्धशतक
अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चार बार 20 से कम गेंदों में अर्धशतक लगाया है। यह भी इस प्रारूप में किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा है। यानी अभिषेक के नाम अब सिर्फ सबसे तेज शतक ही नहीं, बल्कि सबसे कम गेंदों में बार-बार अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी है। अगर सभी टी20 मुकाबलों की बात करें तो अभिषेक ने छह बार 16 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाया है। यह भी सबसे ज्यादा है। उनके बाद वैभव सूर्यवंशी का नंबर आता है, जिन्होंने चार बार 16 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाया है।
मैच में क्या हुआ?
अफगानिस्तान के खिलाफ 34 गेंदों पर 108 रन की पारी को सिर्फ एक तेज शतक के रूप में नहीं देखा जा सकता। यह रिकॉर्ड बुक में एक साथ कई नए आंकड़े दर्ज करने वाली पारी रही। मैच की बात करें तो भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में 127 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 3-0 से अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ किया।

222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 14.1 ओवर में 94 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, अक्षर पटेल को दो विकेट मिले, जबकि जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। अफगानिस्तान की ओर से कप्तान इब्राहिम जादरान ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। उनके अलावा अजमतुल्लाह ओमरजई ने 17 और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 15 रन की पारी खेली।

Related Posts