रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मरीन ड्राइव स्थित स्प्री वॉक परिसर में जिला प्रशासन के नवाचार प्रोजेक्ट ‘अक्षरा’ का शुभारंभ किया।
प्रोजेक्ट अक्षरा के तहत एक रीडिंग जोन स्पेस बनाया गया है, जिसमें हर उम्र के व्यक्ति प्रकृति के बीच बैठकर किताबें पढ़ सकते हैं। यह रीडिंग जोन पूरी तरह से निःशुल्क रहेगा। रोजाना स्प्री वॉक में घूमने आने वाले लोगों को पढ़ने का एक अच्छा अवसर मिलेगा। इस रीडिंग जोन में एयर कंडीशन युक्त बैठने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने किया प्रोजेक्ट ‘चक्र’ का शुभारंभ
रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग द्वारा संचालित प्रोजेक्ट ‘चक्र’ का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रोजेक्ट चक्र के प्रथम चरण में 25 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रायपुर जिले एवं राजधानी की कनेक्टिविटी और आम लोगों की सुविधा के लिए प्रोजेक्ट चक्र संचालित किया जा रहा है। जिसके तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ‘ई-दीदी रिक्शा योजना’ के तहत लाभान्वित किया गया है। शहर के आसपास के गांवों से महिलाएं ई-रिक्शा चलाने शहर आएंगी, जिससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।







































