
भिलाई-3। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, निदान, जनदर्शन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों के निराकरण की समीक्षा अब प्रत्येक शुक्रवार को भिलाई-चरौदा निगम के कॉन्फ्रेंस हॉल में की जाएगी। इस संबंध में निगम कमिश्नर एस. के. सुंदरानी ने आदेश जारी कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंप दिए हैं।

ऑनलाइन पोर्टल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, निदान और जनदर्शन में समय-सीमा के भीतर प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा आवेदकों की संतुष्टि के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।


इसी क्रम में कमिश्नर श्री सुंदरानी ने शुक्रवार को बैठक ली। उन्होंने सभी लंबित आवेदन प्रकरणों पर विभागों द्वारा की गई कार्यवाही की समीक्षा की और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों पर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग से सहायक अभियंता हेमंत साहू, उपअभियंता मुकेश रात्रे, मुकेश चंद्राकर, केहर कुमार मरकाम एवं प्रभाकर शुक्ला उपस्थित रहे। इनके अलावा सहायक राजस्व अधिकारी अरुणिमा दुबे, स्थापना प्रभारी अभिलाषा श्रीवास्तव, सुनीता चंद्राकर तथा खाद्य प्रभारी सह निगम सचिव लिंगेश्वर राव भी मौजूद रहे।


आयुक्त ने पोर्टल में जितने पेंडिंग आवेदन है, उनको जल्द से जल्द निराकरण करने, निर्माणाधीन पीएम आवास को जल्द से जल्द पूर्ण करवाने एवं जहां नया पीएम आवास बनना है उसे जल्द से जल्द प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए साथ ही उरला स्थित 25 पीएम आवास के लिए विज्ञापन जारी करने निर्देश दिए।प्रधानमंत्री आवास योजना से टिकेंद्र शर्मा, जया पमनानी, आयुक्त के स्टेनो चेतन देवांगन एवं जनसंपर्क प्रभारी विकास चंद्र त्रिपाठी भी बैठक में उपस्थित थे।



