छत्तीसगढ़फीचर्ड

शिक्षक हत्याकांड का हुआ खुलासा: पार्टनर शिक्षक ही निकला हत्यारा, 30 लाख की उधारी और 3 महीने के ब्याज का हिसाब बना हत्या का कारण

रायपुर। थाना आरंग के अपराध क्रमांक 443/2026 धारा 103(1) बीएनएस (मर्ग क्रमांक 124/2026 धारा 194 बीएनएसएस) के अंधे कत्ल का आरंग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्या के आरोप में मृतक के ही साथी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। दिनांक 17.09.2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है, जिसके सिर व चेहरे पर धारदार एवं कठोर वस्तु से सांघातिक चोट पहुंचाकर निर्मम हत्या की गई है। मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर पिता शंकरलाल चंद्राकर उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा जिला रायपुर के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर, ग्रामीण और उप पुलिस अधीक्षक माना वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल घटना स्थल पहुंचे और फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड टीम एवं सायबर टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।

विवेचना के दौरान पता चला कि मृतक शिवकुमार चंद्राकर और संदेही चंद्रप्रकाश वर्मा दोनों ही ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक हैं। गांव का चरवाहा और ग्रामीणों ने बताया कि मृतक को अंतिम बार उसके साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा के साथ सफेद रंग की स्कूटी पर ग्राम बनचरौदा घटना स्थल की ओर जाते देखा गया था।

पुलिस ने ग्राम कुम्हारी स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और vsk ऐप का log रिपोर्ट का अध्यन करने पर सारा सच सामने आ गया। दिनांक 17.09.2026 को सुबह 09.35 बजे चंद्रप्रकाश वर्मा स्कूल आया इस दौरान मोबाइल का लोकेशन ऑफ करके घटना को अंजाम देने तुरंत निजी काम का बहाना बनाकर बाहर निकल गया और घटना को अंजाम देने के बाद दोपहर करीब 12:50 PM बजे वापस स्कूल लौटा और अपने मोबाइल से vsk app में log in नहीं करके यह बोल कर की उसका मोबाइल घर में रह गया, साथी शिक्षक के मोबाइल से उपस्थिति हेतु log in किया जो की log रिपोर्ट में सामने आ गई।

दिनांक 18.09.2026 को संदेही चंद्रप्रकाश वर्मा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि मृतक शिवकुमार चंद्राकर और वो पिछले 4 साल से एक दूसरे को जानते थे और साथ में रेत, रियल स्टेट और बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे।

इन्ही सब काम में इसने मृतक को करीब 30 लाख रुपये उधारी दिए थे, जिसके बदले में मृतक ने उसे छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के 3 ब्लैंक चेक दिए थे। आरोपी हर महीने उससे ब्याज लेता था। पिछले तीन महीनों से मृतक ब्याज नहीं दे रहा था, बल्कि गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देता था इसी कारण से आरोपी परेशान और विचलित था और बहुत ज़्यादा गुस्से में था और उसने प्लान किया कि घटना दिनांक को अगर पैसा नहीं देगा तो उसे ख़त्म कर देगा इसके लिए वो पूरी तैयारी के साथ आया।

दिनांक 17.09.2026 को सुबह करीब 10.00 बजे दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई। ब्याज और पैसा वापसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ और विवाद करते-करते दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके में पहुंच गए। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी स्कूटी में पहले से रखे धारदार हथियार से मृतक के सिर के पीछे वार कर गिरा दिया और फिर हथौड़े से उसके चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, मृतक द्वारा दिए गए 3 ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों के मोबाइल, तथा आरोपी के घटना के समय पहने हुए खून से सने जूते और मोजा और कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button