अगर आपको अनचाही व्यावसायिक कॉल या मैसेज मिलता है तो शिकायत के लिए 1909 का इस्तेमाल किया जा सकता है। TRAI DND ऐप और संबंधित टेलीकॉम कंपनी के माध्यम से भी शिकायत की सुविधा उपलब्ध है। TRAI की जानकारी के मुताबिक UCC से बचने के लिए DND/NCPR में अपनी पसंद दर्ज की जा सकती है। बता दें कि नए सिस्टम का फोकस शिकायतों के साथ AI आधारित पहचान को जोड़कर स्पैम करने वालों पर कार्रवाई को ज्यादा तेज और नेटवर्क-स्तर पर प्रभावी बनाना है…
नईदिल्ली (ए)। देश के मोबाइल ग्राहकों के हितों को देखते हुए टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया(TRAI) ने 22 सितंबर को एक महत्वपूर्ण नियम जारी किया है। अब मोबाइल कंपनियों को सिर्फ कॉल और SMS वाले सस्ते रिचार्ज पैक भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। इसके लिए TRAI ने Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 जारी किया है। इसके तहत टेलीकॉम कंपनियों को कॉल और मैसेज वाले Special Tariff Vouchers (STVs) हर वैधता अवधि के लिए उपलब्ध कराने होंगे। इनमें टैरिफ भी उचित रूप से कम रखना होगा।
नियम के अनुसार यदि टेलीकॉम कंपनी कॉल+मैसेज+डाटा वाला कोई पैक दे रही है, तो उसी वैधता का सिर्फ कॉल+मैसेज वाला पैक भी देना होगा। यह नियम खासकर 30 दिन या उससे कम अवधि वाले पैक्स के लिए लागू होगा। महीने की एक ही तारीख पर रिन्यू होने वाले पैक्स के लिए भी सिर्फ कॉल-मैसेज वाला विकल्प देना जरूरी है। साथ ही, लंबी वैधता वाला कम से कम एक सिर्फ कॉल-मैसेज वाला पैक भी उपलब्ध कराना होगा।
ट्राई कहना है कि इस नियम से कम आय वाले उपभोक्ताओं को ज्यादा विकल्प मिलेंगे। अब वे अपनी जरूरत और जेब के हिसाब से रिचार्ज कर सकेंगे। जो लोग डेटा नहीं इस्तेमाल करते, उन्हें मजबूरन महंगे डेटा वाले पैक नहीं खरीदने पड़ेंगे। TRAI ने इस नियम का ड्राफ्ट अप्रैल 2026 में जारी किया था। उस पर 1132 प्रतिक्रियाएं आई थीं और जून में ओपन हाउस डिस्कशन भी हुई थी। सभी सुझावों पर विचार करने के बाद यह अंतिम नियम जारी किया गया है।
मार्च 2026 में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में मोबाइल रिचार्ज से जुड़े मुद्दे को उठाया था। तब उन्होंने कहा था कि जब भी कोई यूजर मोबाइल फोन रीचार्ज कराता है तो उसे उसके प्लान के अनुसार डेटा मिलता है। हालांकि, यह डेटा रात बारह बजे समाप्त हो जाता है। राज्यसभा में अपनी बात रखते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि उपभोक्ता से पैसा पूरा लिया जाता है लेकिन रात बारह बजे तक बचा हुआ डेटा दिन खत्म होने के साथ ही समाप्त हो जाता है। इसके अलावे रीचार्ज की अवधि को लेकर भी सवाल उठाया था।
फोन पर Spam Calls से मिलेगा छुटकारा, TRAI ने कसा शिकंजा
अगर आपके फोन पर बार-बार लोन, क्रेडिट कार्ड, इंश्योरेंस या दूसरे ऑफर की अनचाही कॉल आती हैं तो आपके लिए काम की खबर है। बता दें कि TRAI ने स्पैम और अनचाही व्यावसायिक कॉल्स के खिलाफ अपना सिस्टम और मजबूत किया है। नए फ्रेमवर्क में AI की मदद से संदिग्ध नंबरों की पहचान करने और अलग-अलग टेलीकॉम नेटवर्क के बीच जानकारी साझा करने पर जोर दिया गया है। वहीं TRAI ने 18 सितंबर 2026 को टेक्नोलॉजी आधारित UCC enforcement को मजबूत करने की जानकारी भी जारी की है।
नए सिस्टम को लेकर बताया जा रहा है कि टेलीकॉम कंपनियों के AI/ML आधारित सिस्टम संदिग्ध नंबरों को फ्लैग कर सकेंगे। इसके बाद अलग-अलग नेटवर्क के बीच ऐसी जानकारी साझा की जा सकती है ताकि स्पैम करने वाला व्यक्ति सिर्फ नेटवर्क बदलकर कार्रवाई से बच न सके। वहीं प्रस्तावित संशोधन में एक महत्वपूर्ण व्यवस्था यह है कि अगर किसी Sender के खिलाफ 10 दिनों में कम से कम 3 अलग-अलग लोगों की शिकायत आती है और उसके किसी नंबर को AI सिस्टम भी संदिग्ध UCC नंबर के तौर पर फ्लैग करता है तो कार्रवाई का प्रावधान है। वहीं 10 दिनों में 5 या उससे ज्यादा अलग-अलग शिकायतें मिलने पर भी कड़ी कार्रवाई की व्यवस्था रखी गई है।
























