BREAKING

खास खबरघर-परिवारफीचर्ड

हवाई सफ़र, बैंकिंग और रसोई गैस से लेकर 1 सितम्बर से बदल गए ये 10 बड़े नियम

हर महीने की पहली तारीख को कई नियमों में बदलाव होता है. इसका हमारी जेब पर सीधा असर पड़ता है. 1 सितंबर 2026 से भी वित्तीय और गैर-वित्तीय सेवाएं से जुड़े कई अहम नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं. 1 सितंबर को LPG सिलेंडर का दाम घट या बढ़ सकता है…

 

नईदिल्ली (ए)। 1 सितंबर 2026 से देश में आम आदमी के जीवन से जुड़े 10 बड़े नियम बदलने जा रहे हैं। रसोई गैस सब्सिडी, घरेलू बजट, डेबिट कार्ड, जीएसटी, डीमैट और लेट आईटीआर फाइलिंग पर होने वाले ये बदलाव आपकी जेब को सीधे प्रभावित करेंगे। ये जो बदलाव देश में लागू होने जा रहे हैं, वो आपके घर की रसोई से लेकर एयरपोर्ट तक पर असर डालने वाले हैं. कहीं राहत भरा चेंज देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं कि इस नए महीने की शुरुआत के साथ आपकी जिंदगी पर क्या असर पड़ने वाला है।

 

1. अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा में क्या बड़ा बदलाव होने जा रहा है?

भारत से विदेश जाने वालों के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर फिजिकल स्टैम्प लगाने की अनिवार्यता खत्म हो रही है। अब यात्री स्मार्टफोन में सुरक्षित ई-बोर्डिंग पास दिखाकर आसानी से इमिग्रेशन करा सकेंगे, जिससे समय बचेगा और हवाई अड्डों पर लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी।

2. घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए सरकार क्या नई योजना ला रही है?

पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) को बढ़ावा देने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय नई प्रोत्साहन योजना शुरू कर रहा है। इसके तहत सिटी गैस वितरण कंपनियों को नए कनेक्शन जारी करने पर अतिरिक्त गैस कोटा मिलेगा, जिससे नए इलाकों में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो सकेगा।

3. एलपीजी ई-केवाईसी न कराने पर क्या नुकसान होगा?

बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख 31 अगस्त थी, जो 1 सितंबर से प्रभावी हो रही है। जिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, उन्हें रसोई गैस पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी रुकने या सिलेंडर डिलीवरी में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

4. रसोई गैस और हवाई ईंधन की कीमतों पर क्या असर होगा?

तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी और हवाई ईंधन (एटीएफ) की दरों की समीक्षा करती हैं। 1 सितंबर को घोषित होने वाली नई दरों से जहां घरेलू रसोई का बजट प्रभावित हो सकता है, वहीं एटीएफ की कीमतों में बदलाव से हवाई टिकट के दाम भी बदल सकते हैं।

5. जीएसटी बैंक अकाउंट लिंक न करने पर क्या कार्रवाई होगी?

टैक्स चोरी रोकने के लिए 1 सितंबर से जीएसटी पोर्टल पर बैंक खाता लिंक करना अनिवार्य है। नए व्यापारियों को पंजीकरण के 30 दिनों के भीतर खाता अपडेट करना होगा, अन्यथा उनका जीएसटी पंजीकरण निलंबित हो जाएगा और वे आउटवर्ड सप्लाई दाखिल नहीं कर पाएंगे।

6. डीमैट और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए क्या नया नियम है?

शेयर बाजार नियामक सेबी के नए निर्देशों के तहत, सभी नए सिंगल-होल्डर डीमैट और म्यूचुअल फंड फोलियो में नॉमिनी जोड़ना या ‘ऑप्ट-आउट’ करना अनिवार्य है। निवेश सुरक्षित रखने और भविष्य में क्लेम सेटलमेंट को आसान बनाने के लिए यह प्रक्रिया पूरी करना बेहद जरूरी है।

7. एचडीएफसी बैंक डेबिट कार्ड की सीमा क्यों बदलने जा रही है?

एचडीएफसी बैंक 1 सितंबर से कार्ड कंट्रोल नियम लागू कर रहा है। यदि ग्राहकों ने कार्ड वेरिएंट की तय सीमा से अधिक एटीएम या ऑनलाइन लिमिट सेट कर रखी है, तो बैंक उसे ऑटोमैटिकली बेस वेरिएंट की सीमा पर रीसेट कर देगा, जिससे बड़ी खरीदारी पर ट्रांजैक्शन फेल हो सकता है।

8. एक्सिस बैंक के डेबिट कार्ड का इस्तेमाल क्यों महंगा होगा?

एक्सिस बैंक डेबिट कार्ड पर नई नीतियां ला रहा है। इसके तहत डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन (डीसीसी) लेनदेन पर 3.5% मार्कअप फीस वसूली जाएगी और कुछ कार्ड्स पर एज रिवॉर्ड प्रोग्राम बंद होने से विदेश में या अंतरराष्ट्रीय साइटों पर लेनदेन महंगा हो जाएगा।

9. महाराष्ट्र, तमिलनाडु और सिक्किम से जुड़े क्या जरूरी बदलाव लागू हो रहे?

चारा महंगा होने के कारण डेयरी एसोसिएशनों (विशेषकर मुंबई के तबेला मिल्क एसोसिएशन) ने 1 सितंबर से दूध के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिसका सीधा असर जनता के दैनिक चाय-नाश्ते और मासिक राशन बजट पर पड़ेगा।

सिक्किम सरकार 1 सितंबर से पर्यटन से संबंधित कई सेवाओं के लिए डिजिटल-फर्स्ट सिस्टम अपनाएगी। पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग ने कहा कि होटल और रिसॉर्ट, बेड एंड ब्रेकफास्ट प्रतिष्ठान, सर्विस अपार्टमेंट, हॉलिडे होम, होमस्टे और रेस्तरां के पंजीकरण के लिए आवेदन सिंगल साइन-ऑन (एसएसओ) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा और संसाधित किए जाने होंगे।

10. शराब की खुदरा दुकानों में पुरानी कागजी प्रक्रिया समाप्त कर नई डिजिटल व्यवस्था लागू

तमिलनाडु में शराब की खुदरा बिक्री पर सरकारी एकाधिकार रखने वाली संस्था ‘टासमैक’ (TASMAC) ने राज्यभर की दुकानों के लिए बड़ा एलान किया है। आगामी 1 सितंबर से राज्य की सभी खुदरा दुकानों में पुरानी कागजी प्रक्रिया समाप्त कर नई डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इस प्रणाली के तहत दुकानों के सुपरवाइजरों को अपने स्टॉक की मांग केवल समर्पित हैंडहेल्ड डिवाइस (हाथ में पकड़े जाने वाले उपकरण) के माध्यम से भेजनी होगी। इस तकनीकी बदलाव का सबसे बड़ा फायदा सीधे आम ग्राहकों को मिलेगा, जिन्हें अब अपनी स्थानीय मांग और पसंद के आधार पर पसंदीदा ब्रांड आसानी से मिल सकेंगे।

Related Posts