छत्तीसगढ़फीचर्ड

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिलेवासियों से की अपील, घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाएं जान

कवर्धा। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कबीरधाम जिले के समस्त नागरिकों से सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर अनदेखा न करें, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं। आपकी थोड़ी सी तत्परता किसी व्यक्ति की जान बचा सकती है।

कलेक्टर प्रजापति ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे गोल्डन ऑवर कहा जाता है, घायल व्यक्ति के जीवन को बचाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अस्पताल अथवा ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार की राह-वीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मदद कर उसे गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल अथवा ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले पात्र मददगार नागरिक को 25,000 की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की सहायता के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही, मददगार नागरिकों को नियमानुसार कानूनी संरक्षण भी प्रदान किया गया है, ताकि पुलिस अथवा कानूनी प्रक्रिया के भय से कोई भी व्यक्ति घायलों की मदद करने से पीछे न हटे।

कलेक्टर प्रजापति ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, वाहन चालकों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता के लिए तत्पर रहें। दुर्घटना की स्थिति में तत्काल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर एंबुलेंस एवं आवश्यक सहायता प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि मानवता के नाते घायलों की मदद करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। समय पर मिली सहायता किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है। इसलिए सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आएं और जीवन बचाने में सहभागी बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button