छत्तीसगढ़फीचर्ड

IG अभिषेक शांडिल्य ने जिला बेमेतरा का वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाना सिटी कोतवाली एवं नवागढ़ का किया निरीक्षण

बेमेतरा। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य द्वारा जिला बेमेतरा के वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा एवं थाना नवागढ़ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों के निराकरण, तकनीक आधारित पुलिसिंग एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बंदी गृह, महिला डेस्क, विवेचक कक्ष, मालखाना सहित संपूर्ण थाना परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही ऑनलाइन एफआईआर पंजीयन, सीसीटीएनएस कार्यों, डिजिटल अभिलेखों एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने सीसीटीएनएस ऑपरेटरों की कार्यकुशलता एवं साइबर पुलिस पोर्टल (NCCRP), CEIR, JCCTP एवं CAIR पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीएनएस योजनांतर्गत एमएलसी/पीएम रिपोर्ट को ऑनलाइन माध्यम से संबंधित अस्पतालों में भेजने तथा एनसीआरबी, नई दिल्ली द्वारा विकसित ई-समंस एवं समन्वय पोर्टल के सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देशित किया कि पुलिस विभाग से संबंधित सभी रजिस्टर एवं अभिलेख अद्यतन एवं व्यवस्थित रखें तथा डिजिटल रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट किया जाए, ताकि उच्च अधिकारियों द्वारा मांगी गई जानकारी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जा सके। विभिन्न पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण कर पीड़ितों को शीघ्र राहत एवं न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

आईजीपी ने लंबित अपराधों, मर्ग, गुम इंसान एवं लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समयबद्ध मामलों का त्वरित निराकरण कर 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही नवीन आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।

उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संपत्ति संबंधी अपराधों के आदतन आरोपियों एवं निगरानी बदमाशों पर सतत निगरानी रखने तथा चोरी एवं अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग एवं कॉम्बिंग गश्त को प्रभावी बनाने कहा।

पुलिस महानिरीक्षक ने विजिबल पुलिसिंग को बढ़ावा देने एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सरप्राइज चेकिंग और वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। बस स्टैंड, चौपाटी एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित चेकिंग करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों, ठेला-गुमटी संचालकों एवं फेरीवालों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। साथ ही सशक्त एप का अधिकाधिक उपयोग करने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए बीट प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से निरंतर संवाद स्थापित करने तथा क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ एवं मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी संकलित करने निर्देशित किया गया। निगरानी एवं सूचीबद्ध अपराधियों पर सतत नजर रखने तथा क्षेत्र की महत्वपूर्ण जानकारियों को बीट पुस्तिका में नियमित रूप से अद्यतन करने कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत सूचना तंत्र एवं बेहतर जनसंपर्क से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के त्वरित निराकरण तथा गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए ऑपरेशन मुस्कान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने एवं ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड, साइबर अपराध, एटीएम फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने कहा गया। वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में म्यूल अकाउंट की पहचान कर उन्हें फ्रीज कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस महानिरीक्षक ने ग्रामों, हाट-बाजारों, स्कूलों एवं कॉलेजों में साइबर जागरूकता अभियान चलाने, सोशल एक्टिविटी में पुलिस की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं गोवंश तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष एवं जवाबदेह व्यवहार पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहें।

निरीक्षण के अंत में पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने भविष्य में और बेहतर कार्य निष्पादन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा जनता की सुरक्षा एवं पुलिस की बेहतर छवि बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने आईजीपी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अपराध नियंत्रण एवं आम जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूरी निष्ठा एवं तत्परता से कार्य किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा, डीएसपी शशिकला उईके, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, आईजीपी कार्यालय दुर्ग रेंज के अधिकारी निज सहायक श्रीनिवास राव, आईजीपी रीडरी उप निरीक्षक राजकुमार प्रधान, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक कपिल देव पाण्डेय, थाना प्रभारी नवागढ दुलेश्वर चंद्रवंशी, उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे, सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्र कश्यप, भानु प्रताप पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button