
भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिले की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया है. गुरूवार को भिलाई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले निकाय चुनाव से पहले जारी मतदाता सूची में कई मतदाताओं के नाम इधर से उधर हो गए हैं. बिना परिसीमन के ही सैकड़ों मतदाताओं के बूथ बदल गए हैं. पूर्व सीएम ने मांग की है कि दावा आपत्ति की तिथि बढ़ाई जाए और मतदाता सूची को फिर से अपडेट किया जाए।

मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि इस साल के अंत में नगरीय निकाय चुनाव के अंतर्गत दुर्ग जिले की भिलाई निगम, भिलाई चरोदा, रिसाली निगम में चुनाव होना है. इसके साथ ही जामुल नगर पालिका के भी चुनाव होंगे. दुर्ग में मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया गया और जो सूची हमारे जिला अध्यक्षों को सौंपी गई है उसमें भारी गड़बड़ी है. सभी निकायों में मतदाताओं के बूथ वार्ड बदल गए हैं. इससे चुनाव में प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर प्रभाव पड़ेगा।


पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि मतदाता सूची जारी होने के दूसरे दिन हमारे जिला अध्यक्षों को मिली. दावा आपत्ति की तिथि 30 अक्टूबर है. इस बीच वार्डों में बीएलओ बैठ नहीं रहे हैं, जिसके कारण दावा आपत्ति के प्रकरण प्रभावित हुए. इस संबंध में कई लोगों ने शिकायत भी दर्ज कराई है।
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि बीएलओ वार्डों में बैठने के बजाय नगर निगम के दफ्तर में बैठकर मतदाता सूची को सुधारने में लगे हैं जो कि यही साबित करता है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी हुई है. इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने तीन मांगे रखी हैं. उन्होंने कहा है कि मतदाता सूची को फिर से अपडेट किया जाना चाहिए. क्योंकि बिना परिसीमन के सैकड़ों मतदाताओं के वार्ड बदल गए हैं जिससे चुनावी नतीजे प्रभावित होंगे. वहीं आपत्ति की तारीख को बढ़ाया जाए. इसके साथ मतदाता सूची में गड़बड़ी में जो भी सरकारी अधिकारी या गैर सरकारी व्यक्ति शामिल हो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।


मतदाता सूची एक दिन बाद जिला अध्यक्षों को सौंपी गई है उसके बाद समय नहीं मिला हम समय को 5 तारीख तक बढ़ाने की मांग निर्वाचन आयोग से करेंगे।
पूरे राज्य में 25 लाख वोट काटे गए है SIR के नाम पर जबकि उसमें भी बड़ा वोट चोरी हुई है आज पूरे देश में वोट चोरी की चर्चा हो रही है लोग सड़कों पर है चाहे वो अन्य पार्टी के क्यों ना हो ।राज्य निर्वाचन आयोग इस मामले में अपनी गलती माने या इसे स्वीकार्य करे। दोषी पर कार्यवाही हो ,चाहे वो निर्वाचन आयोग का कर्मचारी हो अफसर हो या कोई गैर व्यक्ति हो।
प्रेस वार्ता में इस मामले में कोर्ट जाने के सवाल पर जवाब देते हुए श्री बघेल ने कहा कि हर मामले में न्यायलय जाना ठीक नहीं है आवश्यकता पड़ेगी तो न्यायालय ही एक रास्ता बचा है।
भिलाई नगर निगम
मतदाता सूची में वार्ड परिवर्तन का विवरण:
* वार्ड क्रमांक 03 से वार्ड 05 — 192 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 05 से वार्ड 03 — 493 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 07 — विलुप्त, 47 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 09 से वार्ड 01 एवं 11 — 300 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 09 से वार्ड 10 — 721 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 09 से वार्ड 11 — 556 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 12 से वार्ड 11 — 186 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 15 से वार्ड 14 — 232 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 15 से वार्ड 14 — 232 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 17 से वार्ड 18 — 316 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 18 से वार्ड 17 — 44 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 59 से वार्ड 60 — 228 मतदाता
रिसाली नगर निगम
* वार्ड क्रमांक 03 से वार्ड 04 — 250 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 17 से वार्ड 18 — 100 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 25 से वार्ड 23 — 194 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 25 से वार्ड 24 — 358 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 26 से वार्ड 31 — 416 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 35 से वार्ड 36 — 53 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 39 से वार्ड 40 — 137 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 40 से वार्ड 39 — 400 मतदाता
भिलाई-चरोदा नगर निगम
* वार्ड क्रमांक 06 से वार्ड 07 — 171 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 15 से वार्ड 13 — 57 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 22 से वार्ड 23 — 215 मतदाता
* वार्ड क्रमांक 23 से वार्ड 22 — 215 मतदाता
जामुल नगर पालिका
* वार्ड क्रमांक 16 से वार्ड 18 — मतदाताओं की संख्या स्पष्ट नहीं है।
* वार्ड क्रमांक 20 से वार्ड 19 — 196 मतदाता



