छत्तीसगढ़फीचर्ड

IG बद्रीनारायण मीणा ने किया जिला बीजापुर का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस दरबार में जवानों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएँ सुनीं

बीजापुर। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा ने जिला बीजापुर का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विभिन्न शाखाओं, पुलिस परेड, वाहन शाखा एवं डॉग स्क्वाड का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस दरबार लेकर जवानों की समस्याएँ सुनीं ।

निरीक्षण के प्रथम दिवस पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय बीजापुर का निरीक्षण किया और जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में स्वीकृत एवं उपलब्ध बल तथा रिक्त पदों की स्थिति, पंजीबद्ध अपराधों और लंबित अपराधों की प्रगति, तथा लंबित मर्ग प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीसीटीएनएस (CCTNS) डैशबोर्ड, समय पर डाटा एंट्री, सायबर अपराधों से जुड़े पोर्टल CEIR (गुम/चोरी मोबाइल की ट्रैकिंग) एवं MRM पोर्टल की प्रगति की समीक्षा की गई। आम नागरिकों से जुड़े इन ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस महानिरीक्षक ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों के संधारण एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली। माओवाद के खात्मे के बाद क्षेत्र में डिमाइनिंग (IED निष्क्रियकरण) और माओवादियों द्वारा छिपाए गए डम्प की रिकव्हरी पर भी विशेष चर्चा हुई। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीणों एवं सुरक्षा बलों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाने हेतु डिमाइनिंग अभियान योजनाबद्ध तरीके से चलाया जाए।

पुनर्वास केन्द्र में पुनर्वासित माओवादियों से मुलाकात कर उनसे चर्चा की गई तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में जुड़कर शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने और बेहतर समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान शासन की पुनर्वास नीति एवं कौशल विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने तथा सम्मानपूर्वक जीवनयापन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

निरीक्षण के द्वितीय दिवस पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने जवानों की वेशभूषा, परेड, वाहन शाखा के वाहनों और डॉग स्क्वाड का निरीक्षण किया।

इसके पश्चात आयोजित पुलिस दरबार में पुलिस महानिरीक्षक जवानों से सीधे रूबरू हुए। उन्होंने जवानों से चर्चा कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएँ सुनीं, और प्राप्त प्रतिवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

पुलिस महानिरीक्षक ने जिला पुलिस बीजापुर के कार्यों की सराहना की। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को जनता से बेहतर समन्वय रखते हुए क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास के लिए निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button