खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ और परिवारों को बधाई दी तथा कहा कि भारत बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स की मेजबानी करेगा, टॉप स्पोर्टिंग नेशंस में शामिल होगा और ग्लोबल स्पोर्ट्स हब बनेगा। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से हर संकल्प पर ‘वी विल डू इट’ का उद्घोष भी कराया…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स 2026 के भारतीय दल को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की सफलता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने तिरंगे की शान और मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने भारतीय दल के 85 मेडल जीतने, महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों, नए खेलों में पहली बार पदक जीतने और विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब खेलों में बड़ी ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ और परिवारों को बधाई दी तथा कहा कि भारत बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स की मेजबानी करेगा, टॉप स्पोर्टिंग नेशंस में शामिल होगा और ग्लोबल स्पोर्ट्स हब बनेगा। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से हर संकल्प पर ‘वी विल डू इट’ का उद्घोष भी कराया।
प्रधानमंत्री ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, युवा खिलाड़ियों, कोच और अन्य अतिथियों का अभिवादन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के बीच आना उन्हें भी ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने कहा कि इतने सारे पदक विजेताओं से एक साथ मिलना कोई मामूली बात नहीं है। यह बहुत सुखद एहसास है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी इस बात के उदाहरण हैं कि जब जुनून जीत में बदलता है तो वह मेडल के साथ चेहरे पर चमक भी लेकर आता है और देश भी गौरवान्वित होता है।
पीएम मोदी ने कहा कि खिलाड़ियों ने 140 करोड़ देशवासियों को गौरव करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी सफलता तिरंगे की शान बढ़ाना है। खिलाड़ियों ने तिरंगे की शान और मान बढ़ाया है, इसलिए उनकी सफलता केवल उनकी नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की सफलता है। उन्होंने सभी देशवासियों की ओर से खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके कोच, सपोर्ट स्टाफ तथा परिवारों का भी हृदय से अभिनंदन किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की जन्म जयंती भी है। उनका जीवन और विजन सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने एपीजे अब्दुल कलाम को भी सादर नमन किया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि एशियन गेम्स इस बार कई मायनों में भारत के लिए यादगार रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें दोनों यहां मौजूद हैं और दोनों ने गोल्ड मेडल जीता है। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से महिला हॉकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि क्रिकेट में भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने लगातार दूसरी बार मेडल जीता है। इतना ही नहीं, दोनों टीमों ने अपना ही रिकॉर्ड दोहराया है।
पीएम मोदी ने कहा कि कबड्डी में भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने इसे एशियन गेम्स में भारत की सफलता की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तीरंदाजी में भारत ने पांच गोल्ड मेडल जीते। शूटिंग में शानदार प्रदर्शन हुआ। उन्होंने बॉक्सिंग और कुश्ती में मिली बड़ी सफलताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स में नए रिकॉर्ड बने, 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में भारत को मेडल मिला और 1982 के बाद पहली बार मैराथन में भारत को सफलता मिली। उन्होंने इन उपलब्धियों को बेहद सुखद बताया।
पीएम मोदी ने भारतीय बेटियों की खास तौर पर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने जो 85 मेडल जीते हैं, उनमें से 38 मेडल महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं। इनमें 11 गोल्ड मेडल भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये मेडल केवल एक संख्या नहीं हैं, बल्कि नए भारत की सशक्त तस्वीर हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत ऐसे खेलों में भी मेडल जीत रहा है, जिनमें एशियन गेम्स के इतिहास में भारत को पहले कभी पदक नहीं मिला था। उन्होंने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, सॉफ्ट टेनिस और सेलिंग की कुछ स्पर्धाओं का उल्लेख किया, जिनमें भारतीय खिलाड़ियों ने पहली बार मेडल जीतकर नया इतिहास रचा है।

















