रायपुर। जिले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप मिशन उत्कर्ष 2.0 के तहत शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शिक्षकों की नियमितता सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा अधिकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने वर्चुअल बैठक लेकर अधिकारियों से विद्यालयों के निरीक्षण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ले।
निरीक्षण के दौरान पाठ्यक्रम के अनुरूप पढ़ाई, विद्यार्थियों के लर्निंग लेवल, कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण तथा शिक्षकों की दैनिक शिक्षण योजना की समीक्षा की जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों की कापियों की नियमित जांच और उन्हें सुधारात्मक फीडबैक देने की व्यवस्था का भी आकलन किया जा रहा है।
विद्यालयों में कक्षाओं एवं परिसर की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालयों की स्वच्छता, प्रयोगशाला और पुस्तकालय के संचालन जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण तथा छात्रवृत्ति जैसी शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की जा रही है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारी को फीडबैक दें और यह सुनिश्चित करें कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

















