भिलाई (सारनाथ एक्सप्रेस)। महिला पुलिस अधिकारी समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पहले पुलिस विभाग को पुरुषों का क्षेत्र माना जाता था, लेकिन आज महिलाएँ भी इस क्षेत्र में अपनी क्षमता और साहस का परिचय दे रही हैं। वे न केवल अपराध से लड़ती हैं बल्कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए भी विशेष रूप से काम करती हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ऐसे ही एक साहसिक महिला पुलिस अधिकारी डीएसपी शिल्पा साहू से सारनाथ एक्सप्रेस ने विशेष बातचीत किया।
डीएसपी शिल्पा साहू की प्रारंभिक और हायर सेकेंडरी तक की शिक्षा दुर्ग में हुई। वर्ष 2012 में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल किया। पढ़ाई के साथ साथ उन्होंने पीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती रही। वर्ष 2013 के सीजी पीएससी में उनका चयन उप पुलिस अधीक्षक के पद पर हुआ। वर्ष 2016 में उन्होंने नौकरी ज्वॉइन की और एकेडमिक ट्रेनिंग के बाद पहली पोस्टिंग बिलासपुर जिला में हुआ, जहां उन्होंने डीएसपी (आईयूसीएडब्ल्यू) के पद पर वर्ष 2017 से 2019 तक अपनी सेवाएं दी।
अगस्त 2019 में उनका तबादला दंतेवाड़ा जिला में हुआ, जहां उन्होंने वर्ष 2022 तक अपनी सेवाएं दी। वर्ष 2022 में ही उनका तबादला दुर्ग जिला में हुआ, जहां उन्होंने डीएसपी (आईयूसीएडब्ल्यू) के पद पर वर्ष 2023 तक अपनी सेवाएं दी। वर्तमान में दुर्ग रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ है। उनके पति भी छत्तीसगढ़ पुलिस में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत है।
गार्डेनिंग में विशेष रुचि रखने वाली डीएसपी शिल्पा साहू,
स्वामी विवेकानंद और अपनी पति को अपना आदर्श मानती है। महिला दिवस पर उन्होंने महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि महिलाएं खुद को हमेशा खुश रखे, आत्मनिर्भर बने, कोशिश करे कि दूसरों पर निर्भर ना रहे। जितना हो सके अभी के स्थिति से खुद को जागरूक रखे। महिलाएं बहुत से रिश्ते को निभाते हुए स्वयं को ना भूले, अपने ऊपर भी ध्यान देवे, अगर महिलाएं खुश रहेगी तभी वो सभी रिश्तों को एनर्जी के साथ निभा पाएंगी। किसी भी काम को करते समय हमेशा विश्वास बनाए रखें।
दंतेवाड़ा पदस्थापना के दौरान डीएसपी शिल्पा साहू डीएसपी मुख्यालय के पद पर पदस्थ रही एवं साथ ही यातायात की जिम्मेदारी भी संभाली। इसी दौरान वैश्विक महामारी कोरोना से पूरी दुनिया लड़ रही थी। लोग एक दूसरे से अलग अलग रहने को मजबूर हो गए थे, पुलिस- प्रशासन लोगो को जागरूक करने में लगा था, ऐसे में डीएसपी शिल्पा साहू पांच माह की गर्भवती थी और ऐसे परिस्थित में भी उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन सड़क पर घंटों खड़े रहकर किया। लोगों को जागरूक करती रही। उस दौरान का उनका फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था और जनता ने उनके काम को, उनके जज्बे को सैल्यूट किया।

















