छत्तीसगढ़फीचर्ड

कॉपी-पेन खरीदने निकली 13 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म: 12 दिन बाद मां ने लिखाई रिपोर्ट, 3 गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि आरोपियों की उम्र 17 से 22 साल के बीच है। इनमें से किसी ने 10वीं, तो किसी ने 8वीं तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोप के मुताबिक, तीन युवक उसे एक मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में ले गए और दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरदस्ती की…

 

बालोद। जिले में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। रनचिरई थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा है। 14 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह कॉपी-पेन खरीदने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान रात करीब 11 बजे उन्हें जानकारी मिली कि कुछ युवक छात्रा को अचेत अवस्था में गांव के एक परिचित के घर लेकर पहुंचे हैं। परिजन तत्काल वहां पहुंचे और छात्रा को गुंडरदेही अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन उसे घर ले जाया गया।

घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से सदमे में थी और गुमसुम रहने लगी थी। परिजनों द्वारा लगातार पूछने और भरोसा दिलाने पर उसने 26 अक्टूबर को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। छात्रा के बयान के मुताबिक, गांव के दो युवक उसे डराकर एक मकान की पहली मंजिल पर ले गए। वहां उन्होंने अपने एक अन्य साथी को भी बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की मां ने परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 70(2), 65(1), 137(2), 127(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण की जांच जारी है और आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button