छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा का निधन, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक

भिलाई। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। वे फेफड़े की बीमारी से पीड़ित थे। उनका हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार चल रहा था। 78 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित दुर्ग-भिलाई और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। CM विष्णुदेव साय समेत अन्य दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। उनका राजनीतिक जीवन लंबा रहा है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं दी थीं। वर्ष 1998 में व्याख्याता पद से रिटायर होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। वर्ष 1999 में वे दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी कार्य कर चुके थे।

उनकी वरिष्ठता और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने अक्टूबर 2025 में उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने नवंबर 2025 में इस पद का कार्यभार ग्रहण किया था। इस तरह निधन के समय वे अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक होने के साथ-साथ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पहली बार वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पर भरोसा जताया और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 मतों के बड़े अंतर से हराकर दूसरी बार विधानसभा में जगह बनाई। उन्हें कुल 96,717 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 71,454 मत प्राप्त हुए थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा…भाजपा परिवार के वरिष्ठ नेता एवं अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा जी के निधन की सूचना से स्तब्ध हूँ। सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा उनकी विशेष पहचान रही। क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने वाले श्री कोर्सेवाड़ा जी का जाना हम सभी के लिए गहरी पीड़ा का विषय है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिजनों और उनके सभी स्नेहीजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें…ॐ शांति।

वही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि अहिवारा के विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। श्री कोर्सेवाडा जी एक सरल, सौम्य एवं जनसेवा के प्रति समर्पित जननेता थे। उन्होंने सदैव अनुसूचित वर्ग सहित समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण के लिए कार्य किया। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और क्षेत्र के विकास के प्रति उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। भारतीय जनता पार्टी परिवार ने आज एक अभिभावक तुल्य वरिष्ठ नेता को खो दिया है। यह क्षति अपूरणीय है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button