BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

सफलता की कहानी: दुर्ग जिले में 22946 महिलाएं बनीं लखपति दीदी, बिहान मिशन से बढ़ी आय

दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह और जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे के द्वारा जिला दुर्ग में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए “लखपति महिला पहल” के तहत योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य स्व सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक तक पहुंचाना है। इसके लिए विभागीय अभिसरण, वित्तीय सहयोग तथा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

इस योजना के अंतर्गत सबसे पहले संभावित लखपति महिलाओं का चयन कर उनकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाती है। आजीविका सीआरपी के माध्यम से उनकी त्रैमासिक आय का आकलन किया जाता है और इसकी प्रविष्टि डिजिटल आजीविका रजिस्टर में दर्ज की जाती है। आय के आधार पर महिलाओं को 0–25 हजार, 25–60 हजार, 60 हजार–1 लाख, 1–3 लाख और 3–5 लाख रुपये वार्षिक आय वर्ग में वर्गीकृत किया जाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 से लेकर 25 दिसंबर 2025 तक जिले में कुल 22,946 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

विभागीय अभिसरण से लाभ:
लखपति महिला पहल के तहत कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को जोड़ा गया है। आजीविका सीआरपी के माध्यम से आवेदन पत्र पूर्ण कराकर योजनाओं का लाभ दिलाया गया, जिससे 4,902 लखपति दीदियों को लाभ मिला।

प्रधानमंत्री आवास योजना से आय के अवसर:
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण कार्यों में भी कई महिलाओं को रोजगार और आय के अवसर मिले हैं। इनमें 302 महिलाएं सेंट्रिंग प्लेट से संबंधित कार्य, 142 महिलाएं भवन निर्माण सामग्री की सप्लाई तथा 35 महिलाएं ईंट निर्माण के कार्य से जुड़ी हुई हैं।

वित्तीय सहयोग: योजना के तहत महिलाओं की आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई। बिहान के माध्यम से 912 समूहों को 547.20 लाख रुपये का सामुदायिक निवेश कोष दिया गया, जबकि 2427 समूहों को बैंक लिंकेज के जरिए 8093 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया।

भविष्य की योजना: आने वाले समय में लखपति महिला पहल के तहत कृषक उत्पादक संगठन, इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर योजना और क्लस्टर आधारित आजीविका गतिविधियों के माध्यम से नई इकाइयों की स्थापना की जाएगी, जिससे महिलाओं की आय में और वृद्धि हो सके।

Related Posts