खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

अभिषेक शर्मा ने जड़ा IPL 2024 का सबसे तेज अर्धशतक: हैदराबाद ने मुंबई को बुरी तरह धोया, IPL का सबसे बड़ा टोटल बनाने के बाद 31 रनों से दी करारी शिकस्त

सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाया और फिर लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को 31 रन से हरा दिया…

हैदराबाद (ए)। मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद का मैच राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें SRH के बल्लेबाजों की विस्फोटक पारियों ने खूब सारे रिकॉर्ड बना डाले हैं. इसी मैच में ट्रेविस हेड ने 18 गेंद में अर्धशतक जड़ा था. इसी के साथ हेड IPL के इतिहास में SRH के लिए सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ी बने थे, लेकिन कुछ ही मिनटों में 23 वर्षीय अभिषेक शर्मा ने इस रिकॉर्ड को तोड़ डाला है. उन्होंने छक्के और चौकों की बरसात करते हुए मात्र 16 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया है. उन्होंने इस मैच में ट्रेविस हेड के साथ केवल 22 गेंद में 68 रन की साझेदारी कर MI की गेंदबाजी को फिसड्डी साबित कर दिया।

अभिषेक शर्मा ने इस मैच में केवल 23 गेंद खेलीं, जिनमें उन्होंने 3 चौके और 7 जोरदार छक्के लगाकर 63 रन की विस्फोटक पारी खेली. IPL 2024 में अपने पहले मैच में यानी KKR के खिलाफ भी 19 गेंद में 32 रन की पारी खेली थी, लेकिन इस बार उनका बल्ला जैसे आग उगल रहा था. इससे पहले आईपीएल में हैदराबाद का कोई भी खिलाड़ी 20 गेंद से कम में अर्धशतक नहीं लगा पाया था, लेकिन शर्मा ने केवल 16 गेंद में यह कारनामा करके दिखा दिया है. दूसरी ओर इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई विस्फोटक बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने 24 गेंद में 62 रन की जबरदस्त पारी खेलकर मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की खूब धज्जियां उड़ाई. हेड ने पारी की शुरुआत ही क्वेना मफाका की गेंद पर चौका लगाकर की थी. ट्रेविस हेड ने 62 रन की इस पारी में 9 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के भी लगाए।

अभिषेक शर्मा ने 2018 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था. आज तक उन्होंने 49 मैच खेले थे, जिनमें उन्होंने 975 रन बनाए हैं. इस छोटे से करियर में उन्होंने 5 अर्धशतकीय पारियां भी खेली हैं. वो आईपीएल 2024 में SRH के लिए मुख्य सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे हैं और अभी तक जिस तरह उनके बल्ले से रन निकल रहे हैं, उसे देखकर लगता है जैसे वो आईपीएल 2024 में ऑरेंज कैप के प्रबल दावेदारों में से एक हैं।

सनाराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2024 के 8वें मुकाबले में  मुंबई इंडियंस को 31 रन से हरा दिया. मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 277 रन बोर्ड पर लगाए थे. जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 246/5 रनों तक ही पहुंच सकी. मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने काफी देर तक प्रयास किया और 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी भी खेली, लेकिन टीम को जीत की लाइन के पार नहीं ले जा सके।

मुंबई ने मुकाबले में टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला किया था, जो शायद उनके लिए मुकाबले में बड़ी भूल साबित हुआ. पहले बैटिंग करते हुए हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल बोर्ड पर लगा दिया, जिसका मुंबई पीछा नहीं कर सकी. हालांकि मुंबई के बैटर्स आखिर तक टीम को जीत दिलाने की कोशिश में लगे रहे, लेकिन जिता नहीं सके।

278 रन यानी आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े टोटल का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को शुरुआत तो अच्छी मिली. रोहित शर्मा और ईशान किशन ने पहले विकेट के लिए 56 (20 गेंद) रनों की साझेदारी की. लेकिन उन्हें पहले झटका चौथा ओवर में ईशान के रूप में लगा, जो 13 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए।

फिर मुंबई ने दूसरा विकेट रोहित शर्मा के रूप में खोया. जो पांचवें ओवर में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 26 (12 गेंद) रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने तीसरे विकेट के लिए 84 (37 गेंद) रनों की साझेदारी की, जिससे एक बार फिर फैंस की उम्मीद जागी. लेकिन 11वें ओवर में नमन धीर के विकेट से इस साझेदारी का अंत हुआ, जो 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 30 (14 गेंद) रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद 15वें ओवर में तिलक वर्मा पवेलियन लौट गए, जिन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाकर 34 गेंदों में 64 रन बनाए. इसके बाद 18वें ओवर में टीम को पांचवां झटका कप्तान हार्दिक पांड्या के रूप में लगा. कप्तान पांड्या ने 20 गेंदों में 1 चौका और 1 छक्का लगाकर 24 रन बनाए. आउट होने से पहले हार्दिक ने टिम डेविड के साथ पांचवें विकेट के लिए 42 (23 गेंद) रनों की साझेदारी की थी. टिम डेविड अंत तक खड़े रहे, जिन्होंने 22 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्के लगाकर 42* रनों की पारी खेली।

ऐसे बनाया हैदराबाद ने बनाया IPL का सबसे बड़ा टोटल

सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 277/3 रन बोर्ड पर लगाए, जो आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल रहा. टीम के लिए हेनरिक क्लासेन ने सबसे बड़ी पारी खेली, जिन्होंने 34 गेंदों में 4 चौके और 7 छक्के लगाकर 80* रन बनाए. इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने 23 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 63 रन स्कोर किए थे. वहीं ओपनिंग पर उतरे ट्रेविस हेड ने 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 24 गेंदों में 62 रन बनाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button